![]()
रामानुजगंज जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बुधवार देर शाम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. विजय सिंह और सिविल सर्जन डॉ. शशांक गुप्ता ने विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने अस्पतालों में व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने रामानुजगंज के 100 बिस्तरीय सिविल अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जामवंतपुर और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पस्ता का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकीय सुविधाओं, दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई, स्टाफ की उपस्थिति और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की बारीकी से जांच की गई। ओपीडी, प्रसव कक्ष, वार्ड और लैब की जांच निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ओपीडी, प्रसव कक्ष, वार्ड, दवा भंडारण कक्ष और प्रयोगशाला का भी अवलोकन किया। अस्पताल प्रबंधन से दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने पाया कि स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता संतोषजनक है। इसके साथ ही अस्पताल प्रबंधन को समय पर दवा वितरण सुनिश्चित करने और साफ-सफाई व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए। “बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देना प्राथमिकता” सीएमएचओ डॉ. विजय सिंह ने कहा कि शासन की मंशा के अनुसार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य संस्थाओं का समय-समय पर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। वहीं सिविल सर्जन डॉ. शशांक गुप्ता ने अस्पताल स्टाफ को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए लगातार मॉनिटरिंग और निरीक्षण की कार्रवाई जारी रहेगी।
<
