राज्यपाल रमेन डेका ने चांपा स्कूल सभाकक्ष का लोकार्पण किया:शिक्षकों, मेधावी छात्रों को सम्मानित किया; 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान में पौधा रोपा

![]()
राज्यपाल रमेन डेका ने शनिवार को बलौदाबाजार विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांपा का दौरा किया। उन्होंने स्कूल परिसर में नवनिर्मित सभाकक्ष का लोकार्पण किया और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अपनी मां स्वर्गीय चंपावती डेका की स्मृति में अमलताश का पौधा लगाया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों, मेधावी छात्रों और पीएटी में चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित किया। राज्यपाल ने कहा कि स्कूल का नया सभाकक्ष छात्रों की प्रतिभा निखारने के लिए सांस्कृतिक और ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों का केंद्र बनेगा। उन्होंने छात्रों से लक्ष्य तय कर मेहनत करने और असफलता से नहीं घबराने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षक सिर्फ पढ़ाते ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारकर उन्हें सही रास्ता भी दिखाते हैं। इस दौरान राज्यपाल ने मोबाइल और सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल पर भी चिंता जताई। उन्होंने छात्रों से मोबाइल का उपयोग केवल जरूरी काम के लिए करने और मनोरंजन में ज्यादा समय नहीं बिताने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और एआई सुविधाजनक हैं, लेकिन इनका जरूरत के हिसाब से इस्तेमाल किया जाना चाहिए। मेधावी छात्रों और शिक्षकों का सम्मान राज्यपाल ने सेवानिवृत्त प्राध्यापक एवं शिक्षाविद एसएम पाध्ये, डॉ. निशा झा, डॉ. डीएन राय और भूषण धुरंधर सहित अन्य शिक्षकों को सम्मानित किया। कक्षा 12वीं के स्टेट टॉपर जिज्ञासु वर्मा और साक्षी वर्मा, कक्षा 10वीं के अमित कुमार टंडन और पीएटी में चयनित प्रवीण डहरिया, ममता साहू और मयंक वर्मा को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ‘हम होंगे कामयाब’ योजना के तहत रोजगार पाने वाले 9 युवाओं को भी प्रशस्ति पत्र दिए गए। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल समेत अन्य जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। बिहान की दीदियों ने पहनाई धान से बनी राखी राज्यपाल ने स्कूल परिसर में बिहान की आजीविका दीदियों की ओर से लगाए गए उत्पादों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने महिलाओं से उनके उत्पादों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान बिहान की दीदियों ने धान के बीज और चावल से बनी राखी राज्यपाल को पहनाई। राज्यपाल ने महिलाओं के हुनर की सराहना की। साइबर अपराध से बचाव का दिया संदेश प्रवास के दौरान राज्यपाल रमेन डेका, राज्य की प्रथम महिला और उनके एडीसी उदित पुष्कर (आईपीएस) ने छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘साइबर जागृति अभियान’ से जुड़कर ‘जागरूकता की एक सेल्फी’ ली। उन्होंने अभियान के पोस्टर पर दिए QR कोड को स्कैन कर इसमें भाग लिया। राज्यपाल ने लोगों और युवाओं से इस अभियान से जुड़ने और साइबर अपराध मुक्त छत्तीसगढ़ बनाने में सहयोग करने की अपील की। यह अभियान 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चलाया जा रहा है। अभियान के तहत लोगों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक और OTP चोरी जैसे साइबर अपराधों से बचने के तरीके बताए जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों को सावधान करते हुए कहा है कि कोई भी सरकारी एजेंसी फोन या वीडियो कॉल पर डिजिटल अरेस्ट नहीं करती और न ही ऑनलाइन पैसे मांगती है।
Source link




