![]()
पद्मश्री माता राजमोहनी देवी सेवा संस्थान की ओर से बुधवार को अंबिकापुर में नशा मुक्ति रैली निकाली गई। जन जागरण रैली माता राजमोहनी देवी भवन से शुरू होकर अंबिकापुर कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम नशाबंदी की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। रैली में राजमोहनी देवी की उत्तराधिकारी रामबाई और संत गहिरा गुरू आश्रम के अध्यक्ष बबरू वाहन सहित समाज के लोग शामिल हुए। रैली के पूर्व राजमोहनी देवी सभा भवन में आयोजित कार्यकम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि संत गहिरा गुरु सनातन संत आश्रम के अध्यक्ष बबरू वाहन ने कहा कि माता राजमोहिनी देवी और संत गहिरा गुरुजी ने समाज को मांस मदिरा त्यागने का संदेश दिया है। इसलिए हम सभी का दायित्व है कि उनके बताए मार्ग पर चलकर इन बुराईयों का त्याग करें। जनजाति गौरव समाज के प्रदेश महामंत्री राम लखन सिंह पैकरा ने कहा कि हम भाग्यशाली हैं कि माता राजमोहनी देवी और संत गहिरा गुरु जी जैसे महान संतों का आशीर्वाद, मार्गदर्शन व प्रेरणा संदेश हमें मिला है। समाज में परिवर्तन लाने के लिए हमें उनके संदेशों को याद रखना होगा। नशामुक्ति के लिए पहल करने की मांग
रैली के बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम सौंपे गए ज्ञापन में प्रदेश में नशामुक्ति के लिए पहल करने की मांग की गई। कार्यक्रम में अमृत सिंह मराबी, त्रिभुवन सिंह, परमेश्वर सिंह मरकाम, अरुणा सिंह, सहदेव भगत, कमला प्रसाद सिंह, धर्म सिंह, संतोष दास, बिहारी लाल उरांव, दिनेश पावेल तथा कमलेश टोप्पो सहित बड़ी संख्या में संत समाज एवं माता राजमोहनी देवी के अनुयायी शामिल हुए।
<
