![]()
कोरबा में बुधवार सुबह लगभग 9 बजे सर्वमंगला चौकी क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर कोयले से भरी एक चलती ट्रेलर में आग लग गई। चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई। इस घटना से मुख्य मार्ग पर आवाजाही बाधित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रेलर कोयला लेकर जा रहा था। सर्वमंगला चौकी के पास पहुंचते ही अचानक केबिन से धुआं उठने लगा, और कुछ ही देर में आग ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। वाहन में आग बुझाने के लिए कोई सुरक्षा उपकरण मौजूद नहीं थे, जिसके कारण आग पर तत्काल काबू नहीं पाया जा सका। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। कई राहगीर अपने मोबाइल से आग का वीडियो बनाते दिखे। ट्रेलर में आग लगने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सर्वमंगला चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया। दमकल वाहन के पहुंचने तक पुलिस ने मोर्चा संभाला और लोगों को आग से दूर रखा। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिसकर्मियों ने सड़क पर आवाजाही बहाल करने में भी सहयोग किया। ट्रेलर चालक ने बताया कि केबिन में धुआं और आग की लपटें देखते ही उसने बिना समय गंवाए गाड़ी रोकी और कूद गया। चालक के अनुसार, कुछ सेकंड की देरी भी उसे केबिन में फंसा सकती थी। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि ट्रेलर का केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
<
