![]()
राजनांदगांव से मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 875 श्रद्धालुओं का एक विशेष जत्था अयोध्या के लिए रवाना हुआ। बुधवार को दुर्ग संभाग के इन तीर्थयात्रियों को लेकर ट्रेन ने राजनांदगांव रेलवे स्टेशन से प्रस्थान किया। स्टेशन पर ढोल-नगाड़ों और ‘जय श्रीराम’ के जयघोष के साथ श्रद्धालुओं को विदाई दी गई। सांसद संतोष पांडेय और छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने इस विशेष यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने यात्रियों का स्वागत किया और उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की। योजना बुजुर्गों के सपनों को साकार करने वाला सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि छत्तीसगढ़ भगवान राम का ननिहाल है और यह प्रदेश के नागरिकों के लिए सौभाग्य की बात है कि उन्हें प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए अयोध्या जाने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने इस योजना को बुजुर्गों के सपनों को साकार करने वाला बताया। इस यात्रा के दौरान श्रद्धालु अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर में रामलला के दर्शन करेंगे। इसके बाद, यह जत्था बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी (वाराणसी) की भी यात्रा करेगा। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल ने विशेष प्रबंध किए छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल द्वारा आयोजित इस यात्रा में यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। ट्रेन में शुद्ध पेयजल, पौष्टिक भोजन, सुरक्षा गार्ड और आपातकालीन चिकित्सा सहायता के लिए डॉक्टरों की टीम तैनात की गई है। इस जत्थे में राजनांदगांव जिले के साथ-साथ दुर्ग संभाग के अन्य ग्रामीण क्षेत्रों के बुजुर्ग शामिल हैं। स्टेशन परिसर जयकारों से गूंज उठा ट्रेन में सवार बुजुर्गों के चेहरों पर उत्साह स्पष्ट दिख रहा था। यात्रियों ने प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना उन लोगों के लिए वरदान है जो आर्थिक अक्षमता या अकेलेपन के कारण तीर्थ यात्रा नहीं कर पा रहे थे। स्टेशन पर मौजूद परिजनों और आम लोगों ने भी इस पहल की सराहना की। ट्रेन के प्रस्थान करते ही पूरा स्टेशन परिसर जयकारों से गूंज उठा।
<
