![]()
राजनांदगांव पुलिस ने जिले में अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर तुमडीबोड पुलिस ने अवैध शराब तस्करी करते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, वहीं कोतवाली पुलिस ने देर रात नियम विरुद्ध दुकान चलाने और हंगामा करने वाले एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। तुमडीबोड पुलिस चौकी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मचानपार स्थित सब्जी बाड़ी के पास स्कूटी पर अवैध शराब बेची जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ा। इनकी पहचान भानपुरी निवासी कृष्णा साहू और कैलाशनगर निवासी दीपेश रजक के रूप में हुई। आरोपियों के पास से 20 नग गोवा स्पेशल विस्की (कुल 3.600 लीटर) और घटना में प्रयुक्त स्कूटी (CG 08 AV 1061) जब्त की गई। जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत लगभग 41,750 रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक दिलीप पटेल और उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। दूसरी कार्रवाई में, कोतवाली पुलिस ने शहर में देर रात तक अवैध रूप से दुकान चलाने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया। 28 अप्रैल की रात पेट्रोलिंग के दौरान प्यारे लाल स्कूल के सामने स्थित ‘रतन पान पैलेस’ निर्धारित समय के बाद भी खुला पाया गया, जहां भारी भीड़ जमा थी। जब पुलिस ने दुकान संचालक रमेश सिन्हा से पूछताछ की, तो वह पुलिस और ग्राहकों से गाली-गलौज व विवाद करने लगा। लोक शांति भंग होने की आशंका और उसके उग्र व्यवहार को देखते हुए पुलिस ने रामनगर निवासी 45 वर्षीय रमेश सिन्हा को हिरासत में लिया। आरोपी के विरुद्ध बी.एन.एस.एस. (BNSS) की धारा 126 एवं 135(3) के तहत निवारक कार्यवाही कर न्यायालय में पेश किया गया।
<
