![]()
छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। राजनांदगांव जिले की महक नरवासे को भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम का टी-20 और वनडे दोनों प्रारूपों के लिए उपकप्तान चुना गया है। इस ऐतिहासिक चयन के बाद पूरे प्रदेश सहित उनके गृह जिले में उत्सव का माहौल है। महक ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मुलाकात कर आशीर्वाद भी लिया। इस उपलब्धि पर जिले के आला प्रशासनिक अधिकारियों ने उनके घर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान महक ने अपनी इस यात्रा और भविष्य के लक्ष्यों को साझा किया। महक नरवासे ने अपने चयन की प्रक्रिया के बारे में बताया कि बेंगलुरु में विशेष प्रशिक्षण कैंप आयोजित किए गए थे। इसके बाद डोमेस्टिक मैचों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले देश भर के खिलाड़ियों के बीच मुकाबले हुए। उन्होंने बताया कि कुल छह टीमें बनाई गई थीं, जिनमें आपस में मैच खेले गए। इस कड़े प्रदर्शन और चयन प्रक्रिया के बाद यह भारतीय टीम घोषित की गई है। महक ने आगे कहा कि इस मुकाम तक पहुंचकर वे बेहद खुश हैं, लेकिन यह सिर्फ शुरुआत है। वे इस बेहतरीन प्रदर्शन और अनुभव को आगे भी जारी रखना चाहती हैं। अपनी भविष्य की योजनाओं और इच्छाओं को साझा करते हुए महक के हौसले बुलंद नजर आए। उन्होंने कहा, “आगे अब अंडर-19 वर्ल्ड कप आ रहा है, उसमें देश के लिए खेलना और बेहतरीन प्रदर्शन करना मेरा मुख्य लक्ष्य है।” देश के लिए खेलने का महक का लक्ष्य महक ने यह भी बताया कि उनकी बड़ी इच्छा है कि वे आगे चलकर भारत की सीनियर महिला इंटरनेशनल टीम का हिस्सा बनें और सीनियर खिलाड़ियों के साथ देश का प्रतिनिधित्व करें। महक की इस गौरवशाली उपलब्धि पर कलेक्टर जितेंद्र यादव एवं अन्य अधिकारियों ने उनके घर पहुंचकर गुलदस्ता भेंट किया। उन्होंने दोनों ही प्रारूपों में उपकप्तान जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर महक को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
<
