![]()
सूरजपुर जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। खनिज विभाग और जिला स्तरीय टास्कफोर्स की टीम ने बिना वैध पास के चूना पत्थर ले जा रहे तीन ट्रेलरों को पकड़ लिया और जब्त कर लिया। यह कार्रवाई 11 जून को प्रेमनगर थाना क्षेत्र में की गई। जांच के दौरान तारा मुख्य मार्ग पर इन ट्रेलरों को रोका गया, जिनमें चूना पत्थर और गिट्टी लदी हुई थी। पूछताछ में सामने आया कि ये तीनों ट्रेलर जांजगीर-चांपा जिले के क्रशर से लोड होकर बिना अभिवहन पास के सूरजपुर की ओर आ रहे थे। इसके बाद वाहन मालिकों के खिलाफ अवैध परिवहन का मामला दर्ज किया गया है और तीनों ट्रेलरों को प्रेमनगर थाने में खड़ा कराया गया है। जिला प्रशासन ने साफ कहा है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर रेना जमील ने भी निर्देश दिए हैं कि अवैध खनिज गतिविधियों में शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई के बाद अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
<
