भास्कर न्यूज | सीतापुर विकासखंड सीतापुर अंतर्गत नवगठित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित रजौटी का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया। शुभारंभ सहकारिता से समृद्धि पुनर्गठन योजना के अंतर्गत किया, जिसमें प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में नई समितियों की शुरुआत की गई। कार्यक्रम के दौरान विष्णु देव साय ने वर्चुअल रूप से सीतापुर विकासखंड की दो समितियों उलकिया और रजौटी व मैनपाट ब्लॉक के खड़गांव केंद्र का भी उद्घाटन किया। इस पहल का उद्देश्य किसानों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी कृषि उपज के विपणन को आसान बनाना है। किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष अनिल निराला उरांव ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो-तीन गांवों के बीच धान खरीदी केंद्र स्थापित कर रही है। इससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, समय की बचत होगी और परिवहन खर्च भी कम होगा। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य समय पर मिल सकेगा। कार्यक्रम में मोतीलाल गुप्ता, नीरू मिस्त्री, सुनील गुप्ता, बिंदेश्वरी लाल गुप्ता, बालेश्वर राम, सरपंच सुखदेव राम, दिलेश्वर बेहरा, जयपाल लकड़ा, उमाशंकर दास आदि उपस्थित रहे।
<
