रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र में मैट्रिमोनियल एप के जरिए युवती से दोस्ती कर युवक ने शादी का झांसा दिया। …और पढ़ें

HighLights
- चिकन में नींद की गोली मिलाकर युवती को बेहोश किया
- आरोपी सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार
- सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन की जांच जारी
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन मैट्रिमोनियल एप्लीकेशन के जरिए ठगी और चोरी का मामला सामने आया है। खम्हारडीह थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती को शादी का झांसा देकर युवक ने अपने जाल में फंसाया। आरोपित ने पहले जीवनसाथी एप्लीकेशन पर युवती से दोस्ती की और बाद में मिलने के बहाने रायपुर पहुंच गया।
पंजाब से दिल्ली होते हुए रायपुर पहुंचा आरोपित
पीड़िता के अनुसार, आरोपित ने अपना नाम अभिनव सिंह बताया था और खुद को दिल्ली का निवासी बताया। दोनों के बीच लगातार बातचीत होने लगी, जिससे नजदीकियां बढ़ीं। इसके बाद युवक मिलने के लिए रायपुर आया। बताया जा रहा है कि वह पंजाब से दिल्ली होते हुए राजधानी पहुंचा था।
चिकन में मिलाई नींद की गोली
युवक युवती के घर पहुंचा, जहां दोनों ने साथ बैठकर खाना खाया। इसी दौरान आरोपित ने चिकन में नींद की गोली मिला दी। खाना खाने के कुछ समय बाद युवती बेहोश हो गई। जब उसे होश आया तो आरोपित घर से गायब था।
जेवर और नकदी लेकर फरार
पीड़िता ने देखा कि घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी भी गायब थे। इसके बाद युवती ने तत्काल खम्हारडीह थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ चोरी और ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आरोपित के मोबाइल लोकेशन और आनलाइन प्रोफाइल की भी जांच की जा रही है, ताकि जल्द उसे गिरफ्तार किया जा सके।
<
