भास्कर न्यूज | राजिम ग्राम मुड़तराई के मुख्य मार्ग पर बना एक फीट से अधिक गहरा गड्ढा राहगीरों के लिए बड़ी परेशानी और हादसों का कारण बन गया है। प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। खासकर रात के समय या मार्ग से अनजान लोग गड्ढे में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। कई दोपहिया वाहन चालक गाड़ी सहित गिर चुके हैं, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग गरियाबंद से महासमुंद जाने का शॉर्टकट रास्ता होने के कारण काफी व्यस्त रहता है। क्षेत्र के लोग आवागमन के लिए इसी सड़क का अधिक उपयोग करते हैं। बावजूद इसके सड़क की बदहाल स्थिति पर जिम्मेदार विभाग ध्यान नहीं दे रहा है। जानकारी के अनुसार कोपरा से पोखरा मार्ग का निर्माण कार्य पिछले तीन माह से बंद पड़ा हुआ है। निर्माणाधीन सड़क में जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं, लेकिन ठेकेदार द्वारा मरम्मत या सुरक्षा के लिए कोई व्यवस्था नहीं की जा रही है। यह खतरनाक गड्ढा ग्राम कोपरा से लगभग एक किलोमीटर पहले स्थित है, जहां हर दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। नया मार्ग निर्माणाधीन होने के बावजूद जब तक सड़क पूरी तरह तैयार नहीं हो जाती, तब तक पुराने मार्ग की मरम्मत जरूरी है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण का ठेका लेने वाले ठेकेदार और संबंधित विभाग दोनों ही लापरवाही बरत रहे हैं। वहीं ग्राम पंचायत की ओर से भी इस समस्या के समाधान के लिए कोई पहल नहीं की गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य शुरू होने तक अस्थायी रूप से गड्ढे को भरवाकर आवागमन सुरक्षित किया जाए, ताकि रोज हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।
<
