![]()
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के दौरान जशपुर जिले के भैंसामुड़ा गांव का दौरा किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों का औचक निरीक्षण किया और स्वयं श्रमदान कर ईंटें जोड़ीं। पत्थलगांव विकासखंड के इस दूरस्थ गांव में मुख्यमंत्री की नजर हितग्राही अनुसुइया पैंकरा के निर्माणाधीन घर पर पड़ी। उन्होंने तत्काल अपना वाहन रुकवाया और सीधे निर्माण स्थल पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य का बारीकी से अवलोकन किया और वहां कार्यरत श्रमिकों और राजमिस्त्रियों से बातचीत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं करणी उठाकर सीमेंट-गारा लगाया और ईंट जोड़ते हुए श्रमदान किया। उन्होंने श्रमिकों के परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के विकास की असली ताकत मेहनतकश लोग हैं। हितग्राही अनुसुइया पैंकरा ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना से उनका वर्षों पुराना पक्के घर का सपना अब साकार हो रहा है और उनका परिवार सुरक्षित व सम्मानजनक जीवन जी सकेगा। मुख्यमंत्री ने इस दौरान चंदागढ़ निवासी राजमिस्त्री मोहन चक्रेश से भी बातचीत की। उन्होंने उनकी मजदूरी, रोजगार और पारिवारिक स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। इसी दौरान मुख्यमंत्री का एक और आत्मीय रूप सामने आया, जिसने वहां मौजूद लोगों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की नजर चार वर्षीय नन्हीं बच्ची मानविका चौहान पर पड़ी। वे सहज भाव से उसके पास पहुंचे और प्यार से उसे अपनी गोद में उठा लिया। मुख्यमंत्री के इस व्यवहार से पूरा माहौल अपनत्व और मुस्कान से भर गया। मुख्यमंत्री ने बच्ची से पूछा कि वह बड़ी होकर क्या बनना चाहती है। इस पर मानविका ने मासूमियत भरी आवाज में कहा – “मुझे डॉक्टर बनना है।” बच्ची की यह बात सुनकर मुख्यमंत्री मुस्कुरा उठे और उन्होंने पूरे स्नेह के साथ उसका हौसला बढ़ाया। उन्होंने बच्ची को आशीर्वाद देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपना चश्मा निकालकर बड़े प्यार से मानविका को पहनाया और उसे पुचकारते हुए प्रोत्साहित किया। कुछ पलों का यह आत्मीय संवाद वहां मौजूद लोगों के लिए बेहद भावुक और यादगार बन गया। मानविका की माता दीपांजलि चौहान ने बताया कि उनकी बेटी मुख्यमंत्री से मिलने को लेकर बेहद उत्साहित थी और उनसे मिलकर बहुत खुश हुई। उन्होंने मुख्यमंत्री के स्नेहपूर्ण व्यवहार के लिए आभार व्यक्त किया। इस मौके पर पत्थलगांव विधायक गोमती साय, कलेक्टर रोहित व्यास समेत अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
<
