![]()
एसईसीएल के रिटायर्ड कर्मचारी की पत्नी का अपहरण कर 22 लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वारदात का मास्टरमाइंड रिटायर्ड कालरीकर्मी का पूर्व ड्राइवर निकला। एक अन्य आरोपी फरार है। पुलिस ने अपहृत महिला को घायल अवस्था में बरामद कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, 29 अप्रैल को सूरजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सरनापारा निवासी पैत्रुस कुजूर अंबिकापुर गाड़ी बनवाने के लिए गए थे। घर में उनकी पत्नी ललिता कुजूर अकेली थी। दोपहर करीब 3.30 बजे वे वापस लौटे तो ललिता कुजूर घर में नहीं थी। घर का सामान फैला हुआ था एवं कुछ स्थानों पर खून भी गिरा था। उसने आसपास एवं परिचितों के घर पत्नी की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। फोन पर धमकी देकर मांगे 22 लाख
शाम को ललिता कुजूर के फोन से पैत्रुस कुजूर को फोन आया कि पत्नी को जिंदा देखना चाहते हो तो 22 लाख रुपये दो, नहीं तो तुम्हें पत्नी नहीं मिलेगी। इसके बाद ललिता कुजूर का फोन बंद हो गया। इसकी शिकायत उसने सूरजपुर थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने 30 अप्रैल को मामले में अपहरण का अपराध दर्ज किया। मामले की जानकारी मिलने पर सूरजपुर एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने पुलिस की तीन टीमें गठित कर पेट्रोलिंग पार्टियों को रवाना किया। पुलिस ने संभावित संदेही पैत्रुस कुजूर के पूर्व ड्राइवर रौशन देवांगन को ग्राम मानपुर से पकड़कर पूछताछ की तो उसने ललिता कुजूर का अपहरण करने में शामिल होना स्वीकार किया। वहीं ललिता कुजूर का अपहरण करने वाले दो युवकों ने पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ने के बाद पकड़े जाने के डर से उसे पर्री से चंदरपुर जाने वाले बाईपास रोड़ के पास ले जाकर घायल अवस्था में छोड़ दिए और भाग निकले। ललिता कुजूर एक व्यक्ति के घर पहुंची और वहां से फोन कर अपने पति को सूचना दी। सूचना पर पुलिस टीम और पीड़िता का पति मौके पर पहुंचे और उसे हॉस्पिटल में भर्ती कराया। दो आरोपी पकड़े गए
मुख्य संदेही रौशन देवांगन (21 वर्ष) के पकड़े जाने के बाद पुलिस ने उसके सहयोगी शेख इशू (23 वर्ष) निवासी मस्जिदपारा थाना सूरजपुर को भागते हुए केतकी में पकड़ा। उनके पास से घटना में प्रयुक्त 1 बाइक, एक स्कूटी व दो मोबाइल जब्त किया है। फरार तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। सूरजपुर एसपी प्रशांत सिंह ठाकुर ने बताया कि आरोपियों को पता था कि एसईसीएल से रिटायर होने के बाद पैत्रुस कुजूर को बड़ी रकम मिली है। वे आसानी से पैसे वसूल सकते हैं। इसके बाद तीनों ने अपहरण कर फिरौती की योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया।
एसएसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर दिया है। तीसरे आरोपी की जल्द गिरफ्तारी हो जाएगी।
<
