महासमुंद में लगातार बारिश…कोडार जलाशय 6 साल बाद लबालब:149 मिलियन क्यूबिक क्षमता पूरी, स्पिलवे से पानी की निकासी शुरू, पिथौरा में सबसे ज्यादा बारिश

![]()
महासमुंद जिले में लगातार बारिश के कारण कोडार जलाशय लबालब भर गया है। जल संसाधन विभाग की 9 अगस्त 2026 की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार, जलाशय 100 प्रतिशत भर चुका है और स्पिलवे के माध्यम से पानी की निकासी शुरू हो गई है। जलाशय का वर्तमान जलस्तर 295.62 मीटर दर्ज किया गया है, जो इसके फुल रिजर्वायर लेवल (FRL) 295.35 मीटर से 0.27 मीटर अधिक है। कोडार जलाशय की कुल लाइव क्षमता 149.00 मिलियन घनमीटर है, जो अब पूरी तरह भर गई है। विभागीय रिपोर्ट के अनुसार, चालू वर्ष में जलाशय की लाइव क्षमता 100 प्रतिशत दर्ज की गई है। जलाशय के भरने के बाद, स्पिलवे के माध्यम से 30.56 क्यूबिक पानी छोड़ा जा रहा है, जबकि नहर के माध्यम से पानी छोड़ने की मात्रा शून्य है। जल संसाधन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, कोडार जलाशय क्षेत्र में पिछले 24 घंटे के दौरान 42 मिमी बारिश दर्ज की गई। 1 जून 2026 से अब तक जलाशय क्षेत्र में कुल 925 मिमी संचयी वर्षा हुई है। लगातार हुई बारिश के कारण जलाशय में पानी की आवक तेजी से बढ़ी, जिससे जलस्तर फुल टैंक लेवल को पार कर गया। स्थानीय जानकारी के अनुसार, लगभग 6 साल बाद यह पहली बार है जब कोडार जलाशय अपनी पूरी क्षमता से भरकर छलकने की स्थिति में पहुंचा है। जलाशय के 100 प्रतिशत भरने और स्पिलवे से पानी की निकासी शुरू होने को क्षेत्र के किसानों और सिंचाई व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। महासमुंद में बारिश ने पकड़ी रफ्तार, औसत से 43.9% ज्यादा कोडार जलाशय के साथ ही महासमुंद जिले में भी इस मानसून अच्छी बारिश हुई है। जिला प्रशासन की 9 अगस्त की रिपोर्ट के मुताबिक, 1 जून से अब तक जिले में औसतन 832.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है। पिछले 10 साल में इसी अवधि के दौरान जिले में औसत 577.9 मिमी बारिश हुई थी। इस बार अब तक की बारिश सामान्य से 143.9 प्रतिशत है। वहीं, 9 अगस्त को जिले में औसतन 38.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। यानी इस मानसून जिले में अब तक सामान्य से काफी ज्यादा बारिश हुई है। पिथौरा में सबसे ज्यादा 1050.2 मिमी बारिश, सरायपाली दूसरे नंबर पर महासमुंद जिले में 1 जून से अब तक सबसे ज्यादा बारिश पिथौरा तहसील में हुई है। यहां 1050.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसके बाद सरायपाली में 1020.0 मिमी और बसना में 874.9 मिमी बारिश हुई है। वहीं, बागबाहरा में 706.3 मिमी, महासमुंद में 675.1 मिमी और कोमाखान में 606.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है। अगर 9 अगस्त की बारिश की बात करें तो सबसे ज्यादा बागबाहरा में 75.7 मिमी बारिश हुई। इसके बाद पिथौरा में 40.7 मिमी, कोमाखान में 39.5 मिमी, महासमुंद में 29.5 मिमी, सरायपाली में 26.6 मिमी और बसना में 19.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। कोडार जलाशय भरने से किसानों को राहत की उम्मीद कोडार जलाशय के पूरी तरह भरने से जिले के किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। जलाशय में पर्याप्त पानी होने से आने वाले समय में सिंचाई के साथ-साथ पेयजल और दूसरे कामों के लिए भी पानी की उपलब्धता बेहतर रहेगी। जलाशय का जलस्तर FRL से ऊपर पहुंच गया है, जिसके बाद स्पिलवे से पानी बाहर छोड़ा जा रहा है। जल संसाधन विभाग की टीम जलाशय के जलस्तर और पानी के बहाव पर लगातार नजर रख रही है। एक नजर में जलाशय: कोडार (शहीद वीर नारायण सिंह बांध) 9 अगस्त को लाइव क्षमता: 149.00 मिलियन घनमीटर
भराव: 100 प्रतिशत
FRL: 295.35 मीटर
वर्तमान जलस्तर: 295.62 मीटर
पिछले 24 घंटे की बारिश: 42 मिमी
1 जून से जलाशय क्षेत्र में बारिश: 925 मिमी
स्पिलवे से पानी की निकासी: 30.56 क्यूबिक मीटर
जिले की 1 जून से औसत वर्षा: 832.1 मिमी
जिले की 10 वर्षीय औसत: 577.9 मिमी
सामान्य के मुकाबले वर्षा: 143.9 प्रतिशत
Source link




