महासमुंद में भारी बारिश, अंडरब्रिज-सड़कें जलमग्न:कलमीदादर डेम ओवरफ्लो; प्रशासन ने सावधानी बरतने की अपील की

![]()
महासमुंद जिले में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। बागबाहरा विकासखंड के कसीबाहरा और नगर के वार्ड-09 स्थित रेलवे अंडरब्रिज में भारी जलभराव के कारण आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। वहीं, कलमीदादर डेम के ओवरफ्लो होने से सड़क पर पानी भर गया है। दूसरी ओर, पझरापाली ग्राम पंचायत के बेलडीह स्थित शासकीय प्राथमिक शाला की जर्जर इमारत में बारिश का पानी भरने से 50 बच्चों की कक्षाएं सामुदायिक भवन में संचालित करनी पड़ रही हैं। रेलवे अंडरब्रिज में भरा पानी, रास्ता बंद भारी बारिश के चलते रेलवे अंडरब्रिज पूरी तरह जलमग्न हो गया है। सुरक्षा को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने अंडरब्रिज मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। रेलवे कर्मचारी पानी निकासी में जुटे हैं, ताकि जल्द से जल्द आवागमन बहाल किया जा सके। कलमीदादर डेम ओवरफ्लो, सड़क पर बहा पानी लगातार बारिश के कारण कलमीदादर डेम भी ओवरफ्लो हो गया है। डेम का अतिरिक्त पानी सड़क पर आने से मार्ग पर जलभराव की स्थिति बन गई है। इससे आवाजाही प्रभावित हुई है और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है। प्रशासन की अपील प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले मार्गों से दूर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और बारिश के दौरान पूरी सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने का आग्रह किया गया है। जर्जर स्कूल में टपकी छत, 50 बच्चों की पढ़ाई सामुदायिक भवन में लगातार बारिश का असर जिले के पझरापाली ग्राम पंचायत के आश्रित ग्राम बेलडीह स्थित शासकीय प्राथमिक शाला पर भी पड़ा है। स्कूल भवन की छत से जगह-जगह पानी टपकने और कक्षा-कक्षों में पानी भर जाने से बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए विद्यालय प्रबंधन ने लगभग 50 विद्यार्थियों की कक्षाएं अस्थायी रूप से गांव के सामुदायिक भवन में शुरू कर दी हैं। ग्रामीण बोले- वर्षों से कर रहे मांग, नहीं हुई सुनवाई ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल भवन लंबे समय से जर्जर है। इसकी मरम्मत या नए भवन के निर्माण की मांग कई बार शासन और प्रशासन से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लगातार बारिश ने भवन की स्थिति और खराब कर दी है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग से स्कूल भवन की तत्काल मरम्मत या नए भवन के निर्माण की मांग की है, ताकि बच्चों को सुरक्षित माहौल में शिक्षा मिल सके और भविष्य में किसी हादसे की आशंका न रहे।
Source link




