![]()
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अवैध शराब कारोबार में फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर घरवालों ने हमला कर दिया। इस हमले में थाना प्रभारी, महिला आरक्षक सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस दौरान हमलावरों ने पुलिस की गाड़ी पर भी हमला किया और हाईवे पेट्रोलिंग वाहन के शीशे तोड़ दिए। आरोपियों के परिजनों ने उन्हें छुड़ाने की कोशिश की और पुलिस की कार्रवाई में रुकावट डाली। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि 3 अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। यह मामला पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम पचरी का है। अब जानिए पूरा मामला जानकारी के अनुसार, 11 अप्रैल, 2026 को अवैध शराब कारोबार के मामले में पटेवा थाना में आबकारी एक्ट के तहत दर्ज केस के फरार आरोपी विजय मारकंडेय और विनोद मारकंडेय को पकड़ने के लिए पुलिस टीम पहुंची थी। थाना सांकरा के प्रभारी निरीक्षक उत्तम तिवारी के नेतृत्व में अलग-अलग थानों और पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम पचरी में छापा मारा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। जब उन्हें गाड़ी में बैठाने की कोशिश की गई, तो आरोपियों ने विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने घरवालों के साथ आसपास के लोगों को भी भड़काया। इसके बाद घरवालों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और ईंट-पत्थर लेकर मौके पर आ गए और पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस हमले में थाना प्रभारी उत्तम तिवारी के सिर, गले और सीने में गंभीर चोटें आईं। इसके अलावा कई अन्य पुलिसकर्मी, जिनमें महिला आरक्षक भी शामिल थीं, घायल हो गईं। इस दौरान हमलावरों ने पुलिस की गाड़ी को भी निशाना बनाया। हाईवे पेट्रोलिंग वाहन के शीशे तोड़ दिए। आरोपियों के परिजनों ने उन्हें छुड़ाने की कोशिश की और पुलिस की कार्रवाई में बाधा डाली। इसके बावजूद पुलिस टीम ने समझदारी और हिम्मत दिखाते हुए स्थिति को काबू में कर लिया और दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना पटेवा ले जाया गया। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी विजय मारकंडेय, विनोद मारकंडेय के साथ-साथ उनके परिजनों और अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इन पर शासकीय काम में बाधा डालने, जानलेवा हमला करने और मारपीट जैसे आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने अब तक 9 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों में 6 महिलाएं भी शामिल हैं। जबकि 3 आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। ………………………… इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… तमनार हिंसा…महिला आरक्षक की वर्दी फाड़ी, 5 अरेस्ट:खेत में अर्धनग्न कर VIDEO बनाया, कांग्रेस बोली-मानवता शर्मसार हुई, सरकार आत्ममंथन करे, बीजेपी बोली-कड़ी सजा मिलेगी छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार ब्लॉक में JPL कोयला खदान के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान महिला आरक्षक के कपड़े फाड़ दिए गए। प्रदर्शनकारियों ने महिला आरक्षक को आधा किलोमीटर तक दौड़ाया। महिला आरक्षक जब वह खेत में गिर गई, तो वर्दी फाड़कर उसे अर्धनग्न कर दिया। पढ़ें पूरी खबर…
<
