![]()
महासमुंद जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज साधन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार, 22 मई 2026 की सुबह केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता और जिला स्तरीय खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान यह कार्रवाई की। पिथौरा तहसील के ग्राम बल्दीडीह स्थित जोंक नदी में निरीक्षण के दौरान अवैध रेत उत्खनन करते हुए दो चैन माउंटेन मशीनें मिलीं। मौके से रेत परिवहन में लगे तीन हाईवा और चार ट्रैक्टर भी जब्त किए गए। जांच में पाया गया कि संबंधित पक्ष के पास उत्खनन या परिवहन से संबंधित कोई वैध अनुमति, अभिवाहन पास या आवश्यक दस्तावेज नहीं थे। इसके अतिरिक्त, स्वीकृत रेत खदान क्षेत्र के बाहर मशीनों का उपयोग कर अवैध उत्खनन किया जा रहा था। दोनों चैन माउंटेन मशीनों को किया सील संयुक्त टीम ने तत्काल अवैध खनन कार्य बंद कराया। खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत दोनों चैन माउंटेन मशीनों को जब्त कर सील कर दिया गया। ये मशीनें आगामी आदेश तक खदान मुंशी के सुपुर्द रहेंगी। संबंधित खदान संचालक को नोटिस भी जारी किया गया है। अवैध रेत परिवहन में शामिल तीनों हाईवा और चारों ट्रैक्टरों को भी जब्त कर साकरा थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। इस पूरी कार्रवाई में केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता और जिला स्तरीय खनिज विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। विभाग ने दोहराया है कि अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ उनका सख्त अभियान जारी रहेगा।
<
