महाराष्ट्र से कार में लाई जा रही अवैध शराब पकड़ी:मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 20 पेटी जब्त, कार-मोबाइल समेत 5.33 लाख का सामान बरामद, एक गिरफ्तार

![]()
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पाटनखास पुलिस ने मध्य प्रदेश निर्मित अवैध शराब की खेप पकड़ी है। शराब महाराष्ट्र के रास्ते ग्राम बंजारी लाई जा रही थी। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 198 बल्क लीटर यानी 20 पेटी शराब, कार और मोबाइल समेत कुल 5 लाख 33 हजार 300 रुपए की संपत्ति जब्त की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। बोरी-बंजारी मार्ग पर कार रोककर तलाशी पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की कार क्रमांक MH31DX3100 में अवैध शराब भरकर महाराष्ट्र से बंजारी लाई जा रही है। सूचना पर पाटनखास पुलिस टीम ने बोरी-बंजारी मार्ग पर महुआ झाड़ के पास घेराबंदी की। संदिग्ध कार को रोककर तलाशी लेने पर उसमें 20 पेटी मध्य प्रदेश निर्मित शराब मिली। इसमें 14 पेटी गोवा व्हिस्की और 6 पेटी बटवाइजर बीयर शामिल थी। कार चालक गिरफ्तार मौके से कार चालक स्वप्निल रहिले (29) को गिरफ्तार किया गया। वह ग्राम देवरी, जिला गोंदिया, महाराष्ट्र का निवासी है। पूछताछ में तस्करी के नेटवर्क में अन्य लोगों के शामिल होने के सुराग मिलने की बात सामने आई है। पुलिस इन कड़ियों की जांच कर रही है। शराब, कार और मोबाइल जब्त पुलिस ने 20 पेटी शराब की कीमत 1 लाख 23 हजार 300 रुपए आंकी है। इसके अलावा 4 लाख रुपए की टाटा एरिआ कार और 10 हजार रुपए का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। इस तरह कुल जब्त संपत्ति की कीमत 5 लाख 33 हजार 300 रुपए है। आबकारी एक्ट में केस पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना अंबागढ़ चौकी की पाटनखास चौकी में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब शराब के स्रोत, तस्करी के रास्ते और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
Source link




