जीजा को मारने पहुंचा साला, हथियारों के साथ पकड़ाया:गिरफ्तारी के बाद भी नहीं दिखा खौफ, पुलिस को बताया इस्तेमाल और कहा फोटो खींचो

![]()
कोंडागांव जिले के केशकाल थाना क्षेत्र में चार धारदार हथियार लेकर बस्ती में घूमने और अपने जीजा को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद भी आरोपी का रवैया पुलिस के लिए हैरान करने वाला रहा। पूछताछ के दौरान उसने हथियारों के इस्तेमाल और उनसे वार करने का तरीका पुलिस को बताया। इतना ही नहीं, उसने हथियारों के साथ अपनी फोटो खिंचवाने की मांग भी की। बस्ती में हथियार लहराकर दी धमकी घटना 1 सितंबर को उपरपारा बिसेन बाड़ी में हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी खुलेआम बस्ती में हथियार लहरा रहा था और अपने जीजा अकरम हुसैन को जान से मारने की धमकी दे रहा था। सूचना मिलते ही केशकाल पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से चार धारदार हथियार मिले। 4 हथियार जब्त पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 12 इंच लंबी कटार/गुप्ती नुमा चाकू, करीब 6.1 इंच लंबा बिछवा नुमा चाकू, करीब 17 इंच लंबा लोहे का बंडा और करीब 12 इंच लंबी छुरी बरामद की। सभी हथियार गवाहों की मौजूदगी में जब्त किए गए। गिरफ्तारी के बाद भी नहीं दिखा डर पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी का रवैया सामान्य से अलग नजर आया। गिरफ्तारी के बाद भी उसके चेहरे पर हथियारों को लेकर कोई डर नहीं दिखा। पूछताछ के दौरान उसने पुलिसकर्मियों को अलग-अलग हथियारों से वार करने और इस्तेमाल करने का तरीका तक बताया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने हथियारों के साथ अपनी फोटो खिंचवाने की मांग भी की। आर्म्स एक्ट समेत धाराओं में केस पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस घटना के पीछे के विवाद और आरोपी द्वारा दी गई धमकी के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
Source link




