![]()
बलरामपुर जिले के राजपुर क्षेत्र में एक नाबालिग नवविवाहिता ने जहर सेवन कर लिया। उसकी अंबिकापुर के मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में मौत हो गई। पांच मई को उसकी शादी हुई थी। नवविवाहित ने अपने पति से कहा कि वह दूसरे युवक को पसंद करती है और बिना उसकी मर्जी के शादी करा दी गई है। ससुराल से विदा कराकर परिजन उसे घर ले गए, जहां उसने जहर खा लिया। मामला राजपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर जिले के राजपुर थाना अंतर्गत ग्राम नरसिंहपुर निवासी चांदनी जायसवाल (17 वर्ष) की शादी 5 मई को सूरजपुर जिले के ग्राम अखोराकला निवासी वीरेंद्र जायसवाल से सामाजिक रीति रिवाज से हुई थी। सुहाग रात को उसने पति से कहा कि वह किसी दूसरे लड़के को पसंद करती है। उसकी मर्जी के खिलाफ यह शादी कराई गई है। मायके में खा लिया जहर, हॉस्पिटल में मौत
विवाहिता द्वारा दूसरे युवक को पसंद करने की जानकारी दिए जाने पर उसका पति भी सकते में आ गया। 8 मई को मायके पक्ष ने उसकी विदाई कराकर ले गए। 15 मई की सुबह वह घर में अकेली थी। उसने पिता को फोन कर कहा कि उसने जहर खा लिया है। परिजन जब घर पहुंचे और उसे राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल कराया। वहां से उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस को दिए गए बयान में परिजनों ने बताया है कि चांदनी का जशपुर जिला निवासी एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह उससे शादी करना चाहती है। परिजनों ने यह कहते हुए शादी से इनकार कर दिया था, कि वह दूसरे समाज का है। परिजनों ने आनन-फानन में उसकी शादी फिक्स कर दी थी और 5 मई को शादी करा दी गई। पुलिस परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
<
