![]()
मनेन्द्रगढ़ में सरगुजा रेंज के आईजी दीपक कुमार झा की अध्यक्षता में एक अहम बैठक हुई। इसमें रेंज के छह जिलों के एसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक का मकसद कानून-व्यवस्था की समीक्षा करना, अपराध कम करना, पुराने मामलों को जल्दी निपटाना और पुलिसिंग को बेहतर बनाना था। आईजी झा ने सभी जिलों के कामकाज की समीक्षा की और जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों की बातें सुनीं और समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सबसे जरूरी है और इसके लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। बैठक में यह भी कहा गया कि पुलिसिंग में आधुनिक तकनीक का ज्यादा इस्तेमाल किया जाए, आम लोगों से अच्छा संपर्क बनाया जाए और अपराध रोकने के लिए बेहतर योजना बनाई जाए। जांच में गलती न हो, इसके लिए फोटो और वीडियो के जरिए साक्ष्य इकट्ठा करने पर जोर दिया गया। साथ ही अधिकारियों को कहा गया कि वे अभियोजन पक्ष से तालमेल बनाकर मामलों को जल्दी निपटाएं और पुराने मामलों की हर महीने समीक्षा करें। गंभीर मामलों में समय पर चालान पेश करने और कोर्ट से जुड़े जरूरी नियमों का पालन करने के निर्देश भी दिए गए। नशे से जुड़े मामलों (NDPS) में सख्ती बरतने, बड़े गिरोहों पर कार्रवाई करने और उनकी संपत्ति जब्त करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा गौ-तस्करी रोकने, संदिग्ध लोगों पर नजर रखने और देर रात होटल-ढाबों को समय पर बंद कराने जैसे मुद्दों पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
<
