![]()
भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र में नेहरू नगर पश्चिम की एक पॉश कॉलोनी में चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे से देर रात 2:00 बजे के बीच की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक मकान मालिक विनय कुमार अग्रवाल अपने परिवार के साथ एक पारिवारिक शादी में शामिल होने अम्रपाली सोसायटी गए हुए थे। वे नेहरू नगर पश्चिम में किराए के मकान में रहते हैं। रात करीब 2 बजे जब पूरा परिवार वापस लौटा, तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला। अंदर जाने पर अलमारी टूटी हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। इसी से चोरी का पता चला। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि घर में करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और 45 से 50 लाख रुपये तक के जेवर रखे हुए थे। बताया जा रहा है कि शादी के लिए जेवर बैंक लॉकर से निकालकर घर में रखे गए थे, जिसका फायदा चोरों ने उठाया। चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुसे और आराम से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस का मानना है कि चोरों ने पहले से घर की रेकी की होगी और यह जानकारी भी थी कि परिवार घर से बाहर गया हुआ है। देखिए ये तस्वीरें… पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी विजय अग्रवाल, सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी, क्राइम डीएसपी यदुमणि सिदार, सुपेला थाना प्रभारी विजय यादव और स्मृति नगर चौकी प्रभारी राजेश साहू मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट ने भी जांच की। जानिए क्या कहा सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने
सुपेला थाना क्षेत्र के नेहरू नगर ईस्ट में विनय अग्रवाल व्यवसायी हैं, जिनका स्क्रैप का और धर्मकांटे का व्यवसाय है। ये सपरिवार बीती रात में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बाहर थे और दिन लगभग 12:30 बजे के आसपास निकले थे। रात में लगभग 2:00 बजे के आसपास जब यह परिवार सहित अपने घर में आए, तो इनके घर में ताला टूटा हुआ था और घर के अंदर का पूरा सामान बिखरा हुआ था। घर में जो भी सोने-चांदी के जेवरात ये बैंक के लॉकर से लाकर इनकी पत्नी जो शादी में पहनने के लिए रखी थी, वो और कुछ नकदी रकम लगभग ₹1,40,000 इनके घर में नहीं था। इनके द्वारा सुपेला थाने में एक चोरी के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिस पर पुलिस द्वारा एफआईआर किया जाकर और प्रकरण में विवेचना की जा रही है। विवेचना के संदर्भ में एफएसएल की टीम, डॉग स्क्वायड की टीम वहां पे घटनास्थल पर जाकर और उसका परीक्षण वगैरह किया गया है। फिंगरप्रिंट की टीम भी वहां पर पहुंचकर फिंगरप्रिंट वगैरह लिफ्ट की है। साथ ही पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशन में घटना में अज्ञात आरोपियों की पतासाजी और मशरूका बरामदगी के संदर्भ में एक टीम का गठन किया गया है, जिसमें सुपेला थाने के स्टाफ और एसीसीयू के स्टाफ शामिल हैं। अभी जो टेक्निकल इनपुट है, उसमें टीम पूरी लगकर उसकी विवेचना और आरोपियों की पतासाजी की जा रही है। शीघ्र ही हम आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाब होंगे। आसपास के सीसीटीवी हैं, उनको देखा जा रहा है, उनका परीक्षण किया जा रहा है और अज्ञात आरोपियों की पतासाजी प्रकरण में की जा रही है। प्राथमिक तौर पर लगभग 20 से 25 लाख रुपए की चोरी का अनुमान है। इसके अतिरिक्त जो प्रार्थी हैं विनय अग्रवाल, उनकी पत्नी के द्वारा कुछ और गहनों की चोरी के संबंध में बताया गया है, उसकी सूची मंगाई गई है, जिसको प्रकरण में संलग्न किया जाएगा। इधर…पुरानी भिलाई थाना में भी चाकू की नोक पर लूट का मामला दर्ज
वहीं भिलाई के पुराने थाना क्षेत्र में भी लूट की एक घटना सामने आई है। जामुल हाउसिंग बोर्ड में रहने वाले मेजर यादव, जो ट्रांसपोर्ट नगर हथखोज में किराना दुकान चलाते हैं, उनके साथ सुबह लूट की वारदात हुई। मेजर यादव ने पुलिस को बताया कि वे 4 मई की सुबह करीब 6 बजे दुकान खोलकर बैठे थे। करीब 8 बजे श्याम रेड्डी, धनराज और उनके कुछ साथी दुकान पर आए। उन्होंने चाय, पानी की बोतल, गुटखा और सिगरेट ली। जब दुकानदार ने पैसे मांगे, तो आरोपियों ने देने से मना कर दिया। आरोप है कि इसी दौरान श्याम रेड्डी ने चाकू निकाल लिया और दुकानदार को धमकाने लगा। उसने जान से मारने की कोशिश भी की। इसके बाद आरोपियों ने जबरदस्ती गल्ले में रखे 5100 रुपये निकाल लिए। डर के कारण दुकानदार अपनी जान बचाकर वहां से भाग गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
<
