बैज बोले-BSP लोहा चोरी के तार सीएम हाउस से जुड़े:कहा-BJP विधायक की मांग पर भी नहीं हो रही सुनवाई; CBI-ED से जांच की मांग

![]()
भिलाई स्टील प्लांट से लोहा चोरी के मामले में अब सियासत भी तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने इस मामले को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि BSP से हजारों करोड़ रुपए का लोहा चोरी हुआ है और इसके तार सीधे सीएम हाउस से जुड़े हैं। बैज ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के साथ CBI और ED से जांच कराने की मांग की है। दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के दौरान कोयला चोरी से लेकर बस्तर में आयरन की चोरी तक के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भिलाई स्टील प्लांट से भी हजारों करोड़ रुपए का लोहा चोरी हुआ है। बैज ने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस सरकार में क्या नहीं चल रहा है और क्या चोरी नहीं हो रही है? बैज बोले- जांच नहीं करवा रहे, मतलब चोर की दाढ़ी में तिनका है भिलाई स्टील प्लांट से लोहा चोरी के मामले में वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन लगातार आवाज उठा रहे हैं। इसके बावजूद सरकार की ओर से कोई कार्रवाई नहीं किए जाने को लेकर दीपक बैज ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक खुद इस मामले को उठा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद सरकार उनकी बात नहीं सुन रही है। दीपक बैज ने कहा कि इस मामले की CBI और ED से जांच होनी चाहिए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सवालों के जवाब देने से बच रहे हैं। इसका मतलब है कि चोर की दाढ़ी में तिनका है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोहा चोरी के तार सीएम हाउस से जुड़े हैं और यह चोरी भाजपा सरकार के संरक्षण में हुई है। देवेंद्र यादव के मुद्दा नहीं उठाने पर बोले- उनसे पूछिए BSP भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र में आता है। यहां से कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव हैं। निजीकरण और हाउस लीज जैसे मुद्दों को लेकर सत्याग्रह और भूख हड़ताल कर चुके देवेंद्र यादव के लोहा चोरी के मुद्दे पर चुप रहने को लेकर भी सवाल उठे। जब दीपक बैज से पूछा गया कि भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव इस मुद्दे को क्यों नहीं उठा रहे हैं, तो उन्होंने इसका जवाब देने से इनकार कर दिया। बैज ने कहा कि यह सवाल देवेंद्र यादव से ही पूछा जाना चाहिए कि वे इस मुद्दे को क्यों नहीं उठा रहे हैं। पुलिस की कार्रवाई के बाद सामने आया था मामला भिलाई स्टील प्लांट से स्क्रैप चोरी का मामला उस समय सामने आया, जब दुर्ग पुलिस ने अकलोरडीह स्थित एक कबाड़ यार्ड में कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में लौह स्क्रैप बरामद किया था। पुलिस के मुताबिक, करीब 250 टन लौह स्क्रैप बरामद हुआ था, जिसकी कीमत करीब 3.22 करोड़ रुपए बताई गई थी। जांच आगे बढ़ने के साथ पुलिस ने मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया। BSP के अधिकारी हिमांशु भूषण मल्लिक और इंजीनियरिंग एसोसिएट मनोज देवांगन समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया गया। बाद में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 18 तक पहुंचने की जानकारी सामने आई। सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के आरोप में CISF के जवानों पर भी कार्रवाई की गई। इस मामले में अब तक 5 से ज्यादा आरोपियों को जमानत मिल चुकी है। इनमें कथित मास्टरमाइंड संजय सिंह भी शामिल है।
Source link




