![]()
बेमेतरा जिले में शराब दुकानों के स्थान चयन को लेकर विवाद लगातार सामने आ रहा है। मामला बेरला जनपद के ग्राम कुम्ही का है, जहां कुम्ही-भिंभौरी मार्ग पर प्रस्तावित शासकीय शराब दुकान का ग्रामीणों ने जमकर विरोध शुरू कर दिया है। मंगलवार को सरपंच निशा वर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और ग्रामीण कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और प्रस्तावित शराब दुकान को तत्काल दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग करते हुए शिकायत सौंपी। स्कूल-कॉलेज के पास शराब दुकान खोलने का विरोध ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर शराब दुकान खोले जाने की तैयारी है, वह पूरा क्षेत्र शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। प्रस्तावित स्थल के आसपास हायर सेकेंडरी स्कूल, मिडिल स्कूल और प्राइमरी स्कूल संचालित हैं। वहीं इसी मार्ग पर शासकीय महाविद्यालय भी प्रस्तावित है। ऐसे में शराब दुकान खुलने से बच्चों और युवाओं के शैक्षणिक माहौल पर गंभीर असर पड़ सकता है। ग्रामीण महिलाओं ने यह भी बताया कि दुकान के समीप बड़ी संख्या में सब्जी प्लॉट हैं, जहां स्थानीय महिलाएं रोज़गार के लिए काम करती हैं। उनका कहना है कि शराब दुकान खुलने के बाद क्षेत्र में असुरक्षा और अव्यवस्था का माहौल बन सकता है, जिससे महिलाओं का वहां काम करना मुश्किल हो जाएगा। निर्णय वापस नहीं तो होगा आंदोलन सरपंच निशा वर्मा ने प्रशासन पर ग्रामीणों की भावनाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि गांव की सहमति के बिना शराब दुकान खोले जाने का निर्णय गलत है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्णय वापस नहीं लिया गया तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करने मजबूर होंगे। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने कहा कि कुम्ही के ग्रामीण शराब दुकान के स्थानांतरण की मांग लेकर आए थे। शिकायत के आधार पर आबकारी विभाग को जांच के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीणों ने साफ कर दिया है कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो आने वाले दिनों में बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
<
