![]()
बिलासपुर में ट्रांसपोर्ट नगर के पास दो अलग-अलग वारदातों को अंजाम देने वाले बुलेट सवार तीन आरोपियों में से 2 को चकरभाठा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इन पर एक ड्राइवर को लूटने और एक अन्य व्यक्ति पर लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपियों में नयापारा वार्ड नंबर 11 सिरगिट्टी निवासी राहुल साहू (25) और एक नाबालिग शामिल है। पुलिस ने उनके पास से एक बुलेट, मोबाइल फोन और 3700 रुपए नकद जब्त किए हैं। तीसरा आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। ट्रांसपोर्ट नगर में ड्राइवर से मोबाइल और नकदी की लूट पहली घटना 29 अप्रैल की रात को हुई थी। चकरभाठा थाना क्षेत्र के अंतर्गत साहू ढाबा, ट्रांसपोर्ट नगर के पास ड्राइवर सोनू बाजरा खाना खाकर अपनी ट्रक के पास लौट रहा था, तभी बिना नंबर वाली बुलेट पर सवार तीन लोगों ने उस पर हमला कर दिया और उसका मोबाइल फोन तथा 5000 रुपए नकद लूटकर फरार हो गए। चार दिन बाद युवक पर रॉड और चाबी से हमला चार दिन बाद 4 मई को उन्हीं तीनों अज्ञात आरोपियों ने उसी बुलेट वाहन पर सवार होकर गुलशन साहू पर हमला किया। यह वारदात भी उसी घटनास्थल के आसपास हुई। आरोपियों ने गुलशन साहू को लोहे की रॉड और बुलेट की चाबी से पीटा, जिससे उसे चोटें आईं। CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस इन दोनों घटनाओं के संबंध में चकरभाठा थाने में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गईं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच की। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। पूछताछ में वारदात कबूली, तीसरे आरोपी की तलाश जारी सख्ती से पूछताछ करने पर राहुल साहू और नाबालिग आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर इन वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। फरार तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
<
