![]()
बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। ग्राम डोडीतुमनार के पटेलपारा स्थित जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया एक बंकर बरामद किया गया है। इस बंकर से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री मिली है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में नक्सलियों ने सामग्री छुपा रखी है। इस सूचना के आधार पर पुलिस सहायता केंद्र पीडिया और थाना गंगालूर की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान चलाया। तलाशी के दौरान जमीन के भीतर बनाया गया यह बंकर मिला, जिसे डिमाइनिंग प्रक्रिया के बाद सुरक्षित तरीके से खोला गया। बंकर से बड़ी मात्रा में उपयोगी और खतरनाक सामग्री बरामद हुई सुरक्षा बलों का मानना है कि इन सामग्रियों का उपयोग नक्सली विस्फोटक बनाने और तकनीकी उपकरण तैयार करने में करते थे। पुलिस ने बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। क्षेत्र में सर्चिंग अभियान अभी भी जारी है।
<
