![]()
बिलासपुर जिले में भूजल स्तर गिरने के कारण बिल्हा के 13, मस्तूरी के 18 और कोटा के 7 ग्राम पंचायतों सहित कुल 38 पंचायतों में पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों को इन क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। टीएल बैठक के दौरान कलेक्टर ने जल स्रोतों के रिचार्जिंग के उपायों पर विशेष ध्यान देने और नागरिकों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। उन्होंने जल संरक्षण कार्यों में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय स्तर पर जनभागीदारी बढ़ाने का भी आह्वान किया। कलेक्टर ने विभिन्न कार्यक्रमों और योजनाओं पर निर्देश दिए कलेक्टर ने पौधरोपण अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने निजी उद्योगों को इस अभियान से जोड़ने तथा बड़े आकार के पौधों के रोपण एवं उनके संरक्षण पर विशेष ध्यान देने को कहा, जिससे उनकी जीवित रहने की संभावना अधिक रहे। बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, डीएफओ नीरज, सहायक कलेक्टर अरविंथम सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने अधिकारियों को वर्ष 2026-27 के बजट में शामिल कार्यों का स्थल निरीक्षण कर डीपीआर तैयार करने, भू-अर्जन से संबंधित कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने और कार्य पूर्ण होने पर भुगतान की प्रक्रिया को सुगम बनाने के निर्देश दिए। जनगणना अधिकारीयों को दायित्वों का निर्वहन करने कहा इसके अतिरिक्त, कलेक्टर ने जनगणना कार्य की प्रगति, निष्क्रिय खातों, पीएम पोर्टल, सीएम जनदर्शन और कानून व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने जनगणना कार्य में नियुक्त अधिकारियों-कर्मचारियों को नियमानुसार अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
<
