![]()
बिलासपुर शहर में 24 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी आगजनी की घटना सामने आई है। बुधवारी बाजार में तीन दुकानों के जलने की घटना के बाद अब शनिचरी सब्जी मंडी में शुक्रवार आधी रात भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते करीब 14 से 15 दुकानें इसकी चपेट में आ गईं और जलकर खाक हो गईं। जानकारी के अनुसार, आग देर रात करीब 2 बजे लगी। शुरुआती तौर पर घटना के पीछे शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के बाद मंडी क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। लाखों रुपए के नुकसान की आशंका आग की चपेट में आने से सब्जी, किराना और अन्य सामान रखने वाली कई दुकानें पूरी तरह जल गईं। व्यापारियों के अनुसार आग से लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। हालांकि नुकसान का वास्तविक आंकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। व्यापारियों ने लगाया लापरवाही का आरोप घटना के बाद व्यापारियों में नाराजगी देखी गई। उनका आरोप है कि मंडी में दुकानों के शटर और बिजली व्यवस्था में करंट आने की शिकायत पहले भी कई बार की गई थी, लेकिन जिम्मेदार विभागों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। व्यापारियों का कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान किया जाता तो इतनी बड़ी घटना टाली जा सकती थी। घंटों की मशक्कत के बाद बुझी आग सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की तीव्रता को देखते हुए कई दमकल वाहनों को लगाया गया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, जिससे आसपास की अन्य दुकानों को बचा लिया गया। जांच में जुटा प्रशासन घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण माना जा रहा है, लेकिन जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक वजह सामने आएगी। लगातार दो दिनों में हुई बड़ी आगजनी की घटनाओं ने शहर की बाजार व्यवस्थाओं और अग्नि सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
<
