बिलासपुर पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सरकंडा पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बंधवापारा सरकंडा ता …और पढ़ें

HighLights
- सरकंडा के बंधवापारा तालाब के पास स्कूटी से नशा बेचने निकला था युवक
- पुलिस ने युवक के पास से पौने तीन लाख का नशीला सामान जब्त किया
- बिलासपुर के युवाओं को नशे के जाल में फंसा रहा था शातिर तस्कर
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरकंडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाओं, ब्राउन शुगर, हेरोइन और वाहन सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से करीब दो लाख 72 हजार 500 रुपये का सामान जब्त किया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि सरकंडा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति पीपल चौक के आगे तालाब के पास बंधवापारा सरकंडा में अवैध रूप से नशीली दवाओं और मादक पदार्थों की बिक्री करने की फिराक में खड़ा है। पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर स्कूटी सवार एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम पप्पू श्रीवास उर्फ गुड्डू श्रीवास (40) निवासी मरीमाई कब्रिस्तान के सामने बताया।
तलाशी लेने पर आरोपित के पास से 20 नग प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप, 3.92 ग्राम ब्राउन शुगर और 7.50 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने नशीले पदार्थों के परिवहन में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी को भी जब्त कर लिया। पूछताछ में पता चला कि आरोपित अवैध रूप से मादक पदार्थों की बिक्री और सप्लाई में संलिप्त था। आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में आयुष्मान से इलाज कराना जंग जीतने से कम नहीं, ज्यादातर अस्पताल में करते है परेशान
नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रही पुलिस
बिलासपुर पुलिस द्वारा जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। एसएसपी के निर्देश पर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों तथा नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों पर नजर रखी जा रही है। हाल के दिनों में पुलिस ने गांजा, प्रतिबंधित दवाओं, ब्राउन शुगर और अन्य मादक पदार्थों के साथ कई आरोपित को गिरफ्तार किया है। सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस आम लोगों से भी अपील कर रही है कि यदि आसपास किसी प्रकार की नशीले पदार्थों की बिक्री या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
प्रतिबंधित कफ सिरप और हेरोइन बना युवाओं के लिए खतरा
शहर में प्रतिबंधित कफ सिरप, ब्राउन शुगर और हेरोइन जैसे नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा है। खासतौर पर युवा वर्ग इसकी चपेट में आ रहा है, जिससे अपराध और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ रही हैं। विशेषज्ञों के अनुसार प्रतिबंधित कफ सिरप का अत्यधिक सेवन मानसिक और शारीरिक नुकसान पहुंचाता है, जबकि ब्राउन शुगर और हेरोइन जैसे मादक पदार्थ बेहद घातक माने जाते हैं। इनका सेवन करने वाले व्यक्ति धीरे-धीरे गंभीर लत के शिकार हो जाते हैं। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नशे से दूर रहने की सलाह देते हैं। सरकंडा पुलिस की यह कार्रवाई नशे के कारोबारियों के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है, जिससे अवैध तस्करी में शामिल लोगों में हड़कंप मच गया है।
<
