भास्कर न्यूज | बेनूर जिले में लगातार हो रही बिजली कटौती और बार-बार लाइट गुल होने से परेशान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को बिजली विभाग कार्यालय का घेराव किया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए। बढ़ती गर्मी और नौतपा के बीच लगातार बिजली बंद रहने से लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने पहले ही बैरिकेड्स लगाकर जवान तैनात कर दिए थे, लेकिन आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेड्स पार कर बिजली कार्यालय परिसर तक पहुंच गए। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी भी हुई। कार्यकर्ताओं ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालांकि प्रशासन ने बिजली कार्यालय में ताला लगा दिया था। बाद में तहसीलदार ने पहुंचकर कांग्रेस नेताओं से ज्ञापन लिया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीवान और वरिष्ठ नेता रजनू नेताम ने कहा कि नेलवाड़ 332 केवी सब स्टेशन बनने के बावजूद जिले की जनता को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले की बिजली अन्य जिलों को भेजी जा रही है, जबकि स्थानीय लोग बिजली संकट झेल रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर भी निशाना साधते हुए बिजली व्यवस्था जल्द सुधारने की मांग की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
<
