बिलासपुर में डबल लूट, 4 आरोपी गिरफ्तार:भैंसाझार मोड़ पर दो बाइक सवारों को बनाया निशाना, कैश और मोबाइल लूटे

![]()
बिलासपुर जिले के रतनपुर-कोटा रोड स्थित भैंसाझार मोड़ के पास देर रात हुई लूट की दो अलग-अलग घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। रतनपुर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 6,300 रुपए नकद और लूट में इस्तेमाल की गई दो बाइक बरामद की हैं। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। रतनपुर पुलिस के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद तुरंत मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी नीलेश पांडे के नेतृत्व में टीम बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने घेराबंदी कर कुछ ही घंटों में चारों आरोपियों को पकड़ लिया। ये हैं गिरफ्तार आरोपी पुलिस ने गुलाब नरेश उर्फ राजा सारथी (21), शिवप्रसाद यादव (27), अनवर खान (18), ओमप्रकाश पोर्ते (20) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी पहले भी लूट की घटनाओं में शामिल रह चुके हैं। पहले युवक से 5 हजार रुपए लूटे भेड़ीमुड़ा, रतनपुर निवासी भारत कुमार सूर्यवंशी ने पुलिस को बताया कि 15 जुलाई की रात करीब 1:30 बजे वह अपने मामा के गांव नेवरा (कोटा) से घर लौट रहे थे। भैंसाझार मोड़ के पास दो बाइक सवार बदमाशों ने उनकी बाइक को पैर मारकर गिरा दिया और जेब में रखे 5 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए। दूसरे युवक से नकदी और मोबाइल छीना इसी दौरान ग्राम खैरा निवासी अरुण कुमार राज भी कोटा से रतनपुर लौट रहे थे। बदमाशों ने उन्हें रोककर गाली-गलौज की और 15 हजार रुपए नकद, मोबाइल फोन लूट लिया। पूछताछ में कबूला जुर्म टीआई नीलेश पांडे ने बताया कि पहले से लूट के मामले में गिरफ्तार हो चुके राजा सारथी को हुलिए के आधार पर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों शिवप्रसाद यादव, अनवर खान और ओमप्रकाश पोर्ते के साथ मिलकर दोनों वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि लूटी गई रकम आपस में बांट ली थी और उसका कुछ हिस्सा खर्च भी कर दिया था। दो बाइक और नकदी बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट में इस्तेमाल की गई यामाहा R15 और बजाज पल्सर NS बाइक के साथ 6,300 रुपये नकद बरामद किए हैं। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
Source link




