प्रदेश के युवा खिलाड़ी अवि मानिकपुरी का चयन अंडर-18 भारतीय हॉकी टीम में हुआ है। …और पढ़ें

HighLights
- अवि मानिकपुरी का अंडर-18 भारतीय हॉकी टीम में चयन
- जापान में अंडर-18 एशिया कप में करेंगे देश का प्रतिनिधित्व
- इंडिया-ऑस्ट्रेलिया सीरीज में शानदार प्रदर्शन के आधार पर मिला मौका
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। प्रदेश के युवा खिलाड़ी अवि मानिकपुरी का चयन अंडर-18 भारतीय हॉकी टीम में हुआ है। वह 29 मई से छह जून 2026 तक जापान के काकामिगहारा में आयोजित होने वाले अंडर-18 एशिया कप में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। अवि मूलतः बिलासपुर के रहने वाले हैं।
शानदार खेल से खींचा अपनी तरफ ध्यान
अवि वर्तमान में भोपाल स्थित एनसीओई (नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उनका चयन 15 से 20 मई तक भोपाल में आयोजित इंडिया-ऑस्ट्रेलिया सीरीज में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। सीरीज में शानदार खेल दिखाते हुए अवि ने चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
अंतरराष्ट्रीय मंच देने की पहल की गई
छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने बताया कि इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन ने पहली बार इस नए प्रारूप की शुरुआत की है। पहले केवल जूनियर और सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों के लिए एशिया कप आयोजित किया जाता था, लेकिन अब अंडर-18 खिलाड़ियों को भी अंतरराष्ट्रीय मंच देने की पहल की गई है। इससे युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि अवि पिछले चार वर्षों से छत्तीसगढ़ हॉकी की ओर से सब-जूनियर और जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते रहे हैं। वर्तमान में वे ओलंपियन समीर दाद के मार्गदर्शन में भोपाल एनसीओई में प्रशिक्षण ले रहे हैं।
अपनी प्रतिभा के दम पर पहचान बनाई
छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के महासचिव मनीष श्रीवास्तव ने कहा कि बिलासपुर निवासी अवि ने शुरुआती दौर में पुलिस हॉकी ग्राउंड में खेल की बारीकियां सीखीं और अपनी प्रतिभा के दम पर पहचान बनाई। बाद में उनका चयन खेलो इंडिया सेंटर, बहतराई बिलासपुर के लिए हुआ। उन्होंने कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।
<
