भास्कर न्यूज | जांजगीर पामगढ़ तहसील के ग्राम नंदेली में पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने नियमों को ताक पर रखकर खेत की मेढ़ पर लगे वर्षों पुराने अर्जुन (कहवा) के हरे-भरे पेड़ को बिना किसी सरकारी अनुमति के काट दिया। इस मामले की शिकायत अब अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) पामगढ़ से की गई है। ग्राम नंदेली खार में 1.50 एकड़ का खेत है। इस खेत की मेढ़ पर अर्जुन का एक विशाल और जीवित पेड़ लगा हुआ था। अर्जुन का पेड़ औषधीय गुणों से भरपूर होता है और शासन के नियमों के तहत इसे काटने पर प्रतिबंध है। गांव के ही प्रदीप धीवर पिता राजेन्द्र धीवर ने इस हरे-भरे पेड़ को काट दिया। नियमों के मुताबिक, किसी भी कीमती या प्रतिबंधित पेड़ को काटने से पहले राजस्व विभाग और शासन से लिखित अनुमति लेनी अनिवार्य होती है। लेकिन किसी भी प्रकार की अनुमति नहीं ली और मनमाने ढंग से मशीन चलाकर काट दिया। गांव के लोगों ने पामगढ़ एसडीएम को आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई है।
<
