![]()
बालोद जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर झलमला से रानीमाई मोड़ के पास एक तेज रफ्तार पिकअप पलट गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। इनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। घायल मनीष यादव ने बताया कि, धमतरी जिले के भानपुरी में टीकाराम यादव की बेटी की शादी डौंडी ब्लॉक के ग्राम ढोर्रीठेमा में हुई थी। शादी के बाद सभी लोग चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शुक्रवार शाम को पिकअप वाहन से निकले थे। शाम करीब 6.30 बजे तालगांव के आगे मोड़ पर वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वाहन में सवार सुरेश यादव (45 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं अन्य 17 लोग घायल हो गए, जिनमें से 5 की हालत नाजुक होने पर उन्हें रेफर कर दिया गया। यादव परिवार के 35 से अधिक लोग थे सवार घायल दीपक यादव ने बताया कि, शादी समारोह में शामिल होने आए यादव परिवार के 35 से अधिक लोग पिकअप वाहन में सवार थे। महिलाओं को पहले एक बस से रवाना किया गया, जबकि गांव के कुछ लोग मेटाडोर से गए। बाकी बचे परिजनों के लिए अलग से पिकअप की व्यवस्था की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि ड्राइवर वाहन को काफी तेज गति से चला रहा था। तालगांव के आगे मोड़ पर वाहन अनियंत्रित हो गया और पलट गया। जिससे यह हादसा हुआ। मौके पर अफरा-तफरी के बाद, वाहनों को रुकवा कर लाए प्रत्यक्षदर्शी मनीष यादव ने बताया कि, हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। कई लोगों के सिर फट गए थे, वहीं कई के हाथ-पैर फ्रैक्चर हो गए। घायलों की चीख-पुकार के बीच जो लोग सुरक्षित थे, वे घायलों को संभालते हुए सड़क किनारे बैठाते रहे, जबकि अन्य लोग जंगल और झाड़ियों में गिरे लोगों को निकालने में जुटे रहे। इस दौरान राहगीरों को रुकवाकर मदद मांगी गई और उनकी सहायता से सभी घायलों को जैसे-तैसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज जारी है। 5 से 10 साल के 10 बच्चे थे सवार, सभी सुरक्षित हादसे के दौरान पिकअप में 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग के करीब 10 बच्चे भी सवार थे। गनीमत रही कि वाहन के बीच हिस्से में बैठे होने के कारण सभी बच्चे सुरक्षित बच गए और उन्हें केवल मामूली चोटें आईं। वहीं दूसरी ओर कई युवकों को गंभीर चोटें लगीं, जिनमें कुछ के हाथ-पैर फ्रैक्चर हो गए। कई बार बोलने के बाद भी गाड़ी दौड़ाता रहा ड्राइवर पुलिस जांच में सामने आया है कि चालक उमाशंकर निर्मलकर शराब के नशे में था। घायल मनीष यादव ने बताया कि पीछे बैठे लोग लगातार उसे धीरे चलाने के लिए आवाज लगाते रहे, लेकिन चालक ने चेतावनी को नजरअंदाज कर वाहन की रफ्तार और बढ़ा दी। करीब एक घंटे बाद जब वाहन नेशनल हाईवे से रानीमाई मार्ग की ओर मुड़ा, तो गाड़ी अनियंत्रित होकर ब्रेकडांस झूले की तरह डगमगाने लगी। कुछ ही देर में वाहन पलट गया। जिससे कई लोग बेहोश हो गए और हादसा गंभीर रूप ले लिया। तीन महीने पहले खरीदी जीजा की नई गाड़ी, पीकर चला रहा था ड्राइवर जांच में सामने आया कि चालक उमाशंकर निर्मलकर को ड्राइविंग का अनुभव कम था और वह करीब एक साल पहले ही ड्राइवर बना था। ट्रक में हेल्परी करने के बाद उसके जीजा, चारामा निवासी भूपेश सिंह ने जनवरी माह में अशोक लीलैंड की नई पिकअप खरीदकर उसे दी थी। जिसे वह चला रहा था। वहीं चालक ने पुलिस को बयान में कहा कि मोड़ पर एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में वाहन अनियंत्रित हो गया। जिसके चलते हादसा हुआ। मामले की जांच जारी है, केस दर्ज करेंगे- टीआई बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है और चालक के नशे में होने की आशंका है, जिसकी मेडिकल जांच कराई जा रही है। कुछ घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें राजनांदगांव रेफर करने की तैयारी की जा रही है। वाहन को जब्त कर लिया गया है और जांच पूरी होने के बाद चालक के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।
<
