![]()
बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम पड़कीभाट में रात के खाने में लौकी की सब्जी बनने से नाराज पति ने अपनी पत्नी पर खौलता पानी फेंक दिया। घटना में महिला झुलस गई, जिसे डायल-112 की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, पड़कीभाट निवासी रूमा साहू ने रात के खाने में लौकी की सब्जी बनाई थी। काम से घर लौटे उसके पति महेश साहू को लौकी की सब्जी पसंद नहीं आई। वह अंडे की सब्जी खाने की बात को लेकर नाराज हो गया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। उबलता पानी फेंकने का आरोप बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान महेश साहू खुद अंडे खरीदकर घर लाया और उन्हें उबालने लगा। इसी बीच दोनों के बीच कहासुनी बढ़ती गई। आरोप है कि गुस्से में आकर महेश ने उबलता हुआ पानी पत्नी रूमा साहू पर फेंक दिया, जिससे उसकी जांघ झुलस गई। डायल-112 की मदद से अस्पताल पहुंची महिला घटना के बाद घायल महिला ने डायल-112 से मदद मांगी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल बालोद पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज बालोद एसडीओपी बोनिफास एक्का ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर बालोद थाना में आरोपी पति महेश साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
<
