बालोद में किसान से बैगा ने की मारपीट:लोहे की छड़ से पीटा, भूत-प्रेत लाने का आरोप, FIR दर्ज

![]()
बालोद में झाड़-फूंक कराने पहुंचे एक किसान के साथ बैगा द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर बालोद थाना पुलिस ने आरोपी बैगा के खिलाफ गाली-गलौज और मारपीट की धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, ग्राम बेलोदा निवासी बिशेसर निर्मलकर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वे अपने भाई तुकाराम निर्मलकर के साथ ग्राम आमाबाह स्थित बैगा जीवराखन लाल के घर घरेलू समस्या के समाधान और झाड़-फूंक कराने गए थे। वहां बैगा ने उस दिन पाठ-पीढ़ा न बैठाने की बात कही। इस पर बिशेसर ने दूर से आने का हवाला देते हुए बैगा से समस्या सुनने और निदान बताने का आग्रह किया। बैगा ने दी मां-बहन की गालियां बैगा जीवराखन लाल भड़क गया और मां-बहन की गालियां देने लगा। उसने आरोप लगाया कि “तुम लोग खुद भूत-प्रेत लेकर आए हो” और हाथ में रखी लोहे की छड़ से बिशेसर पर हमला कर दिया। इस मारपीट में बिशेसर की बाईं आंख, बाएं पैर, पेट और सीने में चोटें आईं। घटना के दौरान उनके साथ आए भाई तुकाराम निर्मलकर ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। पीड़ित ने बताया कि घटना रात में हुई थी और आने-जाने का साधन न मिलने के कारण वे उसी दिन रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सके। बाद में उन्होंने बालोद थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। बालोद टीआई शिशुपाल सिन्हा के अनुसार, शिकायत के आधार पर आरोपी बैगा जीवराखन लाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
Source link




