भास्कर न्यूज| महासमुंद देश में होने वाली आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत महासमुंद जिले में मकान सूचीकरण (हाउसलिस्टिंग) एवं भवन गणना का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। इस पूरे अभियान को निर्धारित समय-सीमा के भीतर और पूरी शुद्धता के साथ पूरा करने में जुटा हुआ है। इस महत्वपूर्ण कार्य को पूरा करने की अंतिम तिथि 30 मई 2026 निर्धारित की गई है, लेकिन जिला अपनी सजगता के कारण लक्ष्य के बेहद करीब पहुँच चुका है। महासमुंद जिले में जनगणना के पहले चरण के लिए कुल 1992 हाउसलिस्टिंग ब्लॉक बनाए गए हैं। जिला प्रशासन की मुस्तैदी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इनमें से 1990 ब्लॉकों का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। अब पूरे जिले में मात्र दो ब्लॉक शेष बचे हैं, जिनमें से एक तहसील बसना और दूसरा बागबाहरा में है। इन दोनों शेष ब्लॉकों के कार्य को भी 22 मई 2026 तक अनिवार्य रूप से शत-प्रतिशत पूर्ण करने के लिए संबंधित चार्ज अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारी न केवल भौतिक रूप से घरों को देख रहे हैं, बल्कि प्रगणकों द्वारा मोबाइल सॉफ्टवेयर में अपलोड किए जा रहे डिजिटल आंकड़ों की शुद्धता और गुणवत्ता को भी बारीकी से परख रहे हैं। अधिकारियों ने फील्ड पर तैनात सभी प्रगणकों और सुपरवाइजर्स को सख्त निर्देश दिए हैं कि डेटा एंट्री में किसी भी प्रकार की त्रुटि बर्दाश्त नहीं की जाएगी, इसलिए सावधानीपूर्वक और समय-सीमा के भीतर कार्य को अंतिम रूप दें। कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आला अधिकारी लगातार मैदानी स्तर पर निरीक्षण कर रहे हैं। अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी सचिन भुतड़ा तथा जिला जनगणना अधिकारी सुश्री सृष्टि चंद्राकर ने जिले के विभिन्न चार्ज क्षेत्रों का दौरा कर कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान जनगणना निदेशालय के अधिकारी मनोज कुमार महिलांगे और जिला नोडल अधिकारी द्वारा प्रगणकों (एनुमरेटर्स) के साथ मिलकर पूर्ण हो चुके ब्लॉकों का घर-घर जाकर क्रॉस-वेरिफिकेशन (सत्यापन) किया जा रहा है।
<
