बाड़ी में मिली किसान की लाश, हत्या की आशंका:बिलासपुर में प्रेम संबंध के चलते हत्या का शक, शादीशुदा था युवक,परिजन बोले-युवती और परिजन ने मिलकर मारा

![]()
बिलासपुर में एक किसान युवक की लाश उसके ही घर के पीछे बाड़ी में संदिग्ध हालत मिली है। उसके गले पर चोट के निशान भी मिले हैं, जिसे देखकर परिजन ने हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि शादीशुदा होने के बाद भी युवती से उसका प्रेम संबंध था। परिजन को शक है कि युवती और उसके परिजन ने मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। घटना सीपत थाना क्षेत्र की है। ग्राम कौड़िया निवासी चंद्रप्रकाश पटेल (28) पिता स्व. नान दाऊ खेती-किसानी करता था। उसकी शादी हो चुकी है और चार बच्चे भी है। बुधवार को परिवार के सदस्य काम करने खेत गए थे। वहीं, चंद्रप्रकाश अपने घर में ही था। शाम को परिजन घर लौटे तब चंद्रप्रकाश की लाश घर के पीछे बाड़ी में मिली, जिसके बाद परिजन ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। टीआई बोले- युवक के शरीर पर नहीं है बाहरी चोंट
टीआई राजेश मिश्रा ने बताया कि बुधवार शाम 28 वर्षीय किसान का शव उसके घर के पीछे बाड़ी में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। प्रारंभिक जांच में उसके शरीर पर कोई चोंट के निशान नहीं मिले हैं और न ही सुसाइड का कोई लक्षण दिख रहा है। पुलिस ने शव का पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने भी जांच की है। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट आने पर ही उसके मौत के कारणों का पता चल सकता है। प्रेम संबंध के चलते हत्या की आशंका
परिजन ने चंद्रप्रकाश के शव को देखकर हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि उसके गले पर चोंट के निशान मिले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शादीशुदा होने के बाद भी गांव की एक युवती ने उससे प्रेम संबंध बना लिया था। आरोप है कि युवती और उसके परिजन ने मिलकर उसकी हत्या की है। टीआई राजेश मिश्रा का कहना है कि परिजन के आरोपों की भी जांच की जा रही है। वहीं, आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है। युवती से भी पूछताछ कर रही पुलिस
परिजन के आरोप लगाने के बाद पुलिस ने गांव की युवती को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया। देर रात तक युवती को थाने में बैठाकर रखा गया। इस दौरान उससे पूछताछ कर चंद्रप्रकाश के संबंध में जानकारी ली गई। हालांकि, यह भी पता नहीं चल सका है कि युवती ने पुलिस को घटना के संबंध में कुछ जानकारी दी है या नहीं।
Source link




