![]()
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के चारामा ब्लॉक में एक बस कंडक्टर द्वारा नाबालिग खिलाड़ी से मारपीट और अमानवीय व्यवहार करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी कंडक्टर नीरज मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना ‘मनीष ट्रेवल्स’ की बस में हुई, जिसके बाद स्थानीय व्यापारियों और पालकों में आक्रोश है। जानकारी के अनुसार, 19 अप्रैल रविवार दोपहर करीब 3 बजे तीन नाबालिग खिलाड़ी कांकेर से क्रिकेट ट्रेनिंग लेकर मनीष ट्रेवल्स की बस (क्रमांक CG07E7801) से लौट रहे थे। यात्रा के दौरान गर्मी के कारण एक बच्चे की तबीयत बिगड़ गई और उसे बस के अंदर ही उल्टी हो गई। आरोप है कि बस कंडक्टर नीरज मिश्रा ने बच्चे की मदद करने के बजाय गाली-गलौज की और बीमार बच्चे के साथ मारपीट भी की। इसके बाद उसने नाबालिग बच्चे से बस के अंदर हुई उल्टी को पानी से साफ करवाया। खिलाड़ियों ने बताया कि उन्हें कौरर चौक पर उतरना था, लेकिन कंडक्टर ने उन्हें निर्धारित स्टॉप पर नहीं उतरने दिया। यहां तक कि बस स्टैंड पर भी नहीं उतारा गया। बच्चों को डरा-धमकाकर बस स्टैंड से लगभग 500 मीटर आगे ले जाकर उतारा गया। इस घटना के बाद बच्चों ने अपने परिजनों को पूरी बात बताई। चारामा व्यापारी संघ ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग घटना की जानकारी मिलने के बाद चारामा व्यापारी संघ ने इस पर कड़ा विरोध जताया है। संघ ने थाना प्रभारी और एसडीएम को ज्ञापन देकर आरोपी कंडक्टर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। व्यापारी संघ का कहना है कि बीमार बच्चे से सफाई करवाना और उसके साथ मारपीट करना गलत है। पुलिस ने कंडक्टर को किया गिरफ्तार पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सोमवार को कंडक्टर को गिरफ्तार किया। मंगलवार को उस पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उसे अदालत में पेश किया गया।
<
