Bendri & Nava Raipur Admission 2026

रायपुर11 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

उच्च शिक्षा विभाग ने रायपुर जिले में इस शैक्षणिक सत्र से 2 नए सरकारी कॉलेज शुरू किए हैं। इनमें अभनपुर के बेन्द्री में शासकीय महाविद्यालय और नवा रायपुर अटल नगर में शासकीय संगीत महाविद्यालय शामिल हैं। दोनों संस्थानों में सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है।
नए शासकीय महाविद्यालय बेन्द्री में इस सत्र से बीए, बीएससी (बायोलॉजी), बीएससी (मैथ्स) और बीकॉम प्रथम वर्ष की कक्षाएं शुरू होंगी। बीए और बीकॉम में 90-90 सीटें, जबकि बीएससी बायोलॉजी और बीएससी मैथ्स में 45-45 सीटें तय की गई हैं।
कॉलेज में प्रवेश पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से होगा। इच्छुक छात्र-छात्राओं से तय समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की गई है।
नवा रायपुर में खुला नया संगीत महाविद्यालय
सत्र 2026-27 से नए शासकीय संगीत महाविद्यालय नवा रायपुर अटल नगर भी शुरू किया गया है। यहां बैचलर ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स (बीपीए) के चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश दिए जाएंगे।
कॉलेज में शास्त्रीय गायन (हिंदुस्तानी), कथक नृत्य और लोक संगीत की पढ़ाई होगी। कुल 40 सीटें निर्धारित की गई हैं।
ऑफलाइन भरना होगा आवेदन
संगीत महाविद्यालय में प्रवेश के लिए आवेदन ऑफलाइन होंगे। आवेदन पत्र शासकीय नागार्जुन स्नातकोत्तर विज्ञान महाविद्यालय रायपुर से प्राप्त किए जा सकते हैं। अधिकारियों ने इच्छुक विद्यार्थियों से समय पर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।





