![]()
बलौदाबाजार जिले में जल जीवन मिशन के तहत ‘हर-घर नल से जल’ योजना के बेहतर संचालन के लिए ग्रामीण परिवारों की जागरूकता बढ़ी है। इसके परिणामस्वरूप, ग्रामीणों ने स्वेच्छा से जल कर के रूप में अब तक कुल 22 लाख 57 हजार 415 रुपए का योगदान दिया है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन और जिला पंचायत सीईओ दिव्या अग्रवाल के नेतृत्व में ‘हर-घर जल’ के बेहतर प्रबंधन और संचालन की जिम्मेदारी ग्राम पंचायतों को सौंपी गई है। जनभागीदारी से एकत्रित यह राशि नल और पाइपलाइन की त्वरित मरम्मत, जल आपूर्ति प्रणाली के नियमित रखरखाव, उन्नयन तथा जल संरक्षण एवं संवर्धन के स्थायी कार्यों में उपयोग की जाएगी। बलौदाबाजार जिले में ग्राम पंचायतों से हुआ जल कर संग्रह यह राशि विभिन्न विकासखंडों से संग्रहित की गई है। इसमें भाटापारा के 54 ग्राम पंचायतों से 4,32,580 रुपए, कसडोल के 116 ग्राम पंचायतों से 92,430 रुपए, सिमगा के 86 ग्राम पंचायतों से 1,43,620 रुपए, पलारी के 102 ग्राम पंचायतों से 13,57,215 रुपए और बलौदाबाजार के 78 ग्राम पंचायतों से 2,31,550 रुपए शामिल हैं। प्रति ग्राम पंचायत 60 रुपए प्रति माह जल कर निर्धारित किया गया है। इस पहल से गांवों में ‘अपना जल, अपनी जिम्मेदारी’ की भावना विकसित हुई है। इसके अतिरिक्त, ग्राम पंचायतों द्वारा जल के दुरुपयोग पर आर्थिक दंड और जागरूकता अभियानों के माध्यम से अनुशासन सुनिश्चित किया जा रहा है।
<
