बलौदाबाजार में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन:राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, भारत माता के जयकारों से गूंजा शहर

![]()
बलौदाबाजार में देशभक्ति के उत्साह के साथ एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने स्थानीय गार्डन चौक स्थित अटल परिसर से हरी झंडी दिखाकर इस यात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, डॉ. सनम जांगड़े और प्रमोद शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। यह तिरंगा यात्रा गार्डन चौक से प्रारंभ होकर नया बस स्टैंड होते हुए अम्बेडकर चौक पर संपन्न हुई। यात्रा की शुरुआत भारत माता के जयकारों और देशभक्ति गीतों के साथ हुई। पूरे मार्ग में ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से माहौल गूंज उठा। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे बड़ी संख्या में लोग इस यात्रा का हिस्सा बने। तिरंगा देश की आन-बान और शान का प्रतीक यात्रा शुरू करने से पहले मंत्री टंकराम वर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा केवल एक कपड़ा नहीं, बल्कि हमारे देश की आन-बान, शान और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह भव्य यात्रा नागरिकों के दिलों में राष्ट्र के प्रति सम्मान और प्रेम को दर्शाती है। टंकराम वर्मा ने वीर शहीदों के बलिदान को हमेशा याद रखने और देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में देशभक्ति के जज्बे के साथ तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं, और सभी को इस यात्रा से जुड़कर एकता और भाईचारे का संदेश देना चाहिए। इस भव्य तिरंगा यात्रा में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, डीएफओ पंकज कमल, जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव, स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी, सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, नागरिकगण और स्कूली छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में शामिल हुए।
Source link




