बलौदाबाजार कलेक्टर-एसपी ने जेल का अचानक निरीक्षण किया:खुद चखा बंदियों का भोजन, कहा- जेल सजा नहीं, संवारने की जगह भी होनी चाहिए

![]()
बलौदाबाजार जिला कलेक्टर कुलदीप शर्मा और पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने शुक्रवार (24 जुलाई) सुबह बलौदाबाजार जिला जेल का औचक निरीक्षण किया। करीब 11 बजे पहुंचे अधिकारियों ने बैरकों का दौरा कर बंदियों से सीधे बातचीत की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर ने जेल की रसोई में बन रहे भोजन को खुद चखकर उसकी गुणवत्ता भी परखी। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बंदियों से उनके नाम, स्वास्थ्य, पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं के बारे में बातचीत की। एक बुजुर्ग बंदी से दवाइयों की उपलब्धता और एक युवा बंदी से उसकी शिक्षा के संबंध में जानकारी ली। बंदियों से जाना हाल, सुविधाओं का लिया जायजा वहीं, पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बैरकों की साफ-सफाई, पेयजल, पंखे और रोशनी की व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि बंदियों को अपने परिजनों से मुलाकात में किसी तरह की परेशानी न हो। रसोई पहुंचकर खुद चखा भोजन निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जेल की पाकशाला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन बनाने की पूरी प्रक्रिया देखी, चावल और दाल की गुणवत्ता जांची और स्वयं भोजन चखकर उसका स्वाद व गुणवत्ता परखी। रसोइयों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत करने के निर्देश कलेक्टर ने बंदियों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएमएचओ को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, समय पर इलाज और आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कहा। जेल बनेगी कौशल प्रशिक्षण केंद्र निरीक्षण के दौरान कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने जेल को कौशल प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि जेल पहले से ही वोकेशनल ट्रेनिंग प्रोवाइडर (VTP) के रूप में पंजीकृत है। जल्द ही यहां बढ़ईगीरी और बांस कला (बैंबू आर्ट) का प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा, ताकि बंदी हुनर सीखकर कलाकृतियां तैयार कर सकें और आत्मनिर्भर बनें। उन्होंने कहा, जेल सिर्फ सजा की जगह नहीं, बल्कि लोगों को संवारने और नई शुरुआत का अवसर देने की जगह भी होनी चाहिए। लाइब्रेरी, टीवी और नए मुलाकात काउंटर की तैयारी कलेक्टर ने जेल में लाइब्रेरी, पर्याप्त पंखों और टीवी की व्यवस्था का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में जेल की 12 बैरकों में 390 बंदी निरुद्ध हैं। जल्द ही 5 नए मुलाकात काउंटर बनाए जाएंगे। जेल परिसर की सुरक्षा के लिए 80 सीसीटीवी कैमरे चौबीसों घंटे निगरानी कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर रजनी छड़ीमली, सीएमएचओ डॉ. राजेश अवस्थी, कार्यपालन अभियंता अनुज शर्मा, सहायक जेल अधीक्षक अभिषेक मिश्रा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
Source link




