कॉलेजों में दाखिले की तारीख अब 31 अगस्त तक बढ़ी:पहले 14 अगस्त थी लास्ट डेट,मंत्री बोले-तारीख के चलते किसी का साल खराब न हो

![]()
छत्तीसगढ़ के कॉलेजों में दाखिले का एक और मौका दिया गया है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अब छात्र 31 अगस्त तक कॉलेजों में प्रवेश ले सकेंगे। उच्च शिक्षा विभाग ने प्रवेश की तारीख बढ़ाने का आदेश जारी कर दिया है। यह सुविधा उन शासकीय और निजी कॉलेजों में मिलेगी, जहां अभी सीटें खाली हैं। इस फैसले से उन छात्रों को राहत मिलेगी, जो किसी वजह से तय समय में कॉलेज में प्रवेश नहीं ले पाए। खासकर दूर-दराज और ग्रामीण इलाकों के ऐसे छात्र, जो समय पर आवेदन नहीं कर सके थे, अब खाली सीटों पर प्रवेश ले सकेंगे। पहले 14 अगस्त थी आखिरी तारीख इससे पहले कॉलेजों में प्रवेश के लिए प्राचार्य स्तर पर 31 जुलाई तक और कुलपति की अनुमति से 14 अगस्त तक की समय सीमा तय थी। तारीख निकलने के बाद भी कई कॉलेजों में सीटें खाली रह गई थीं। वहीं, कई छात्र भी समय पर प्रवेश नहीं ले पाए थे। इसी को देखते हुए उच्च शिक्षा विभाग ने प्रवेश की तारीख बढ़ाने का फैसला लिया है। अब छात्रों को 31 अगस्त तक प्रवेश लेने का मौका मिलेगा। मंत्री बोले- किसी छात्र का एक साल खराब न हो उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि सरकार का मकसद प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा पहुंचाना है। दूरस्थ और ग्रामीण इलाकों के कई मेधावी छात्र व्यावहारिक दिक्कतों के कारण समय पर प्रवेश नहीं ले पाए थे। उन्होंने कहा कि सरकार नहीं चाहती कि सिर्फ तारीख निकल जाने की वजह से किसी योग्य छात्र का एक साल खराब हो या वह उच्च शिक्षा से वंचित रह जाए। छात्रहित को ध्यान में रखते हुए प्रवेश की तारीख 31 अगस्त तक बढ़ाई गई है। मंत्री ने छात्रों से इस मौके का लाभ उठाने की अपील की है।
Source link




