बलरामपुर में कन्हर नदी उफान पर, एनीकट के ऊपर पानी:रामानुजगंज में भारी बारिश के बाद जलस्तर बढ़ा, गेट बंद

![]()
कुसमी और जशपुर क्षेत्र में हुई लगातार तेज बारिश के कारण कन्हर नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया है। रामानुजगंज स्थित एनीकट से पानी करीब एक फीट ऊपर बह रहा है। नदी के तेज बहाव को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने एहतियात के तौर पर एनीकट के दोनों गेटों पर ताला लगा दिया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। नदी का रौद्र रूप देखने के लिए एनीकट और आसपास के क्षेत्रों में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। हालांकि, विभाग ने लोगों से नदी के किनारे और एनीकट के पास जाने से बचने की अपील की है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि बारिश के दौरान जलस्तर में तेजी से उतार-चढ़ाव हो सकता है, इसलिए लोग अनावश्यक जोखिम न लें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। पलटन घाट पर भी नदी का पानी चढ़ा पर्यटकों के बीच लोकप्रिय पलटन घाट पर भी कन्हर नदी पूरे उफान पर है। तेज बहाव और बढ़े हुए जलस्तर के कारण घाट का नजारा पूरी तरह बदल गया है। कन्हर नदी का उद्गम जशपुर जिले के पहाड़ी क्षेत्रों में होता है, और वहां हुई लगातार मूसलाधार बारिश का असर अब निचले इलाकों में स्पष्ट रूप से दिख रहा है। लगातार बारिश का असर रामानुजगंज-वाड्रफनगर मुख्य मार्ग पर भी देखने को मिला। शनिवार शाम करीब 4 बजे जनपद कार्यालय के पास सड़क किनारे का एक हिस्सा धंस गया। हालांकि, पुलिया का केवल किनारा प्रभावित हुआ है और मुख्य सड़क सुरक्षित है। आवाजाही की स्थिति सामान्य इस घटना के बावजूद, मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सामान्य बनी हुई है और कोई जाम नहीं लगा है। जानकारी मिलते ही संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित हिस्से के पास बैरिकेडिंग कर दी गई है, ताकि वाहन चालक और राहगीर सावधानी से आवागमन कर सकें।
Source link




