![]()
धमतरी जिले में पहली ही बारिश के बाद नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। इसी बीच एक वीडियो सामने आया है, जिसमें ग्रामीण सीने तक पानी में उतरकर नाला पार करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में एक महिला अपने दूधमुंहे बच्चे को गोद में लेकर तेज बहाव के बीच नाला पार करती दिखाई दे रही है। यह मामला नगरी विकासखंड के रिसगांव क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 13 जून का है। पहली ही बारिश में रिसगांव के पास स्थित पहाड़ी नाला उफान पर आ गया, जिससे ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। वीडियो में ग्रामीण बल्ली (लकड़ी) के सहारे बाइक को उठाकर तेज बहाव वाले नाले को पार करते नजर आ रहे हैं। बच्चे को गोद में लेकर पार किया नाला वहीं एक महिला अपने छोटे बच्चे को गोद में लेकर पानी के बीच से गुजरती दिखाई दे रही है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में हर साल यही हालात बनते हैं। पुल नहीं होने के कारण गांव का संपर्क प्रभावित हो जाता है और लोगों को जोखिम उठाकर नाला पार करना पड़ता है। हादसे का बना रहता है डर स्थानीय लोगों के मुताबिक, तेज बहाव के बीच नाला पार करना बेहद खतरनाक है। थोड़ी सी लापरवाही या पैर फिसलने से बड़ा हादसा हो सकता है। यह इलाका लंबे समय तक नक्सल प्रभावित रहा है और आज भी यहां कई बुनियादी सुविधाओं की कमी है। लोग सालों से नदी-नालों पर पुल बनाने की मांग कर रहे हैं, ताकि बारिश के दिनों में सुरक्षित आवागमन हो सके।
<
