टॉप न्यूज़

बंजर पारा बचाने निगम के बाहर धरने पर बैठे लोग:सड़क चौड़ीकरण के प्रस्ताव से मकान टूटने का डर




सड्डू के बंजर पारा में प्रस्तावित 60 फीट सड़क को लेकर आज सैकड़ों लोग नगर निगम मुख्यालय पहुंच गए। मकान टूटने के डर से लोगों ने नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी के साथ निगम मुख्यालय के बाहर करीब 2 घंटे तक धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि विकास के नाम पर उन्हें बेघर नहीं किया जाना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान बस्तीवासियों ने अपनी समस्या नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी के सामने रखी। उनका कहना है कि बंजर पारा में करीब 350 परिवार लंबे समय से रह रहे हैं। लोगों को डर है कि सड़क निर्माण के लिए उनके मकानों को तोड़ा जा सकता है। पट्टा मिला, पीएम आवास में बने मकान; अब टूटने का डर बस्तीवासियों के मुताबिक, बंजर पारा पहले सड्डू ग्राम पंचायत का हिस्सा था। बाद में नगर निगम में शामिल होने के बाद यह वार्ड क्रमांक-9 मोतीलाल नेहरू वार्ड में आ गया। लोगों का दावा है कि उन्हें 1998 में राजीव गांधी पट्टा मिला था। इसके बाद 2021-22 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भी पट्टा दिया गया और पक्के मकान बनाए गए। बस्तीवासियों का कहना है कि सरकार की ओर से यहां सड़क, बिजली, नाली और पानी जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं। वे लंबे समय से नगर निगम को टैक्स भी दे रहे हैं। ऐसे में अब सड़क के लिए मकान टूटने की बात सामने आने से लोगों में नाराजगी है। नेता प्रतिपक्ष बोले- एक भी मकान टूटा तो कांग्रेस सड़क पर उतरेगी धरने के बाद नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने निगम आयुक्त लोकेश्वर साहू और संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाया। उन्होंने बस्तीवासियों का ज्ञापन सौंपते हुए मामले में स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। आकाश तिवारी ने कहा कि जनता को विश्वास में लिए बिना ऐसा विकास नहीं किया जा सकता, जिससे लोग बेघर हो जाएं। उन्होंने कहा कि अगर बंजर पारा का एक भी मकान तोड़ा गया तो कांग्रेस बस्तीवासियों के साथ खड़ी रहेगी और सड़क की लड़ाई लड़ेगी। महापौर पहुंचीं, बोलीं- मकान नहीं टूटने देंगे प्रदर्शन के बीच रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे भी निगम मुख्यालय पहुंचीं। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी से चर्चा की और बस्तीवासियों से बात की। महापौर ने लोगों को आश्वासन देते हुए कहा, “आपका मकान नहीं टूटेगा, मैं भी आपके साथ हूं। प्रशासन को बिना वैकल्पिक व्यवस्था और जनता से चर्चा के कोई तोड़फोड़ नहीं करने दी जाएगी।”



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button