![]()
राजधानी रायपुर के VIP रोड स्थित विशाल नगर के एक फार्महाउस में आयोजित हुक्का पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक-युवतियां खुलेआम हुक्का पीते और फिल्मी गानों पर रील बनाते नजर आ रहे हैं। मामला में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार फार्महाउस में प्राइवेट इवेंट के नाम पर पार्टी का आयोजन किया गया था। इस दौरान पार्टी में शामिल युवक-युवतियों को खुलेआम हुक्का परोसा गया। बताया जा रहा है कि यह आयोजन 8 अप्रैल को हुआ था। कार्यक्रम में मनोरंजन के लिए सिंगर के साथ तबला, गिटार और बांसुरी वादक भी बुलाए गए थे। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि बड़ी संख्या में युवक-युवतियां हुक्का गुड़गुड़ाते हुए ‘गैंगस्टर’ फिल्म के गाने पर रील बना रहे हैं। पार्टी को आकर्षक बनाने के लिए आयोजन से पहले सोशल मीडिया पर इसका व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया गया था। देखिए पहले ये तस्वीरें- वीडियो वायरल होने के बाद एक्शन में आई पुलिस वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि पार्टी का आयोजन किसने किया था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे। साथ ही फार्महाउस संचालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह आयोजन बिना अनुमति के किया गया था। अगर जांच में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो आयोजकों और संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित गतिविधियों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। छत्तीसगढ़ में हुक्का बेचने 2023 से प्रतिबंधित राज्य सरकार ने 10 फरवरी 2023 को राजपत्र में संशोधन जारी कर हुक्का बेचने पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसे गैर-जमानती अपराध घोषित किया गया है। इस नियम के तहत हुक्का पिलाने या परोसने वालों को 1 से 3 साल तक की सजा और 10,000 से 50,000 रुपए तक का जुर्माना हो सकता है। साथ ही हुक्का से संबंधित सामग्री भी जब्त की जा रही है।
<
