मुंगेली | जिला न्यायालय परिसर में हिट एंड रन मुआवजा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों तथा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के आदेशों के अनुपालन में किया गया। इसमें सड़क दुर्घटनाओं में अज्ञात वाहनों से मृत एवं गंभीर रूप से घायल पीड़ितों को समयबद्ध मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिजा देवी मेरावी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुर्घटनाओं से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज समय पर तैयार कर पुलिस एवं परिवहन विभाग के समन्वय से सक्षम प्राधिकारी को भेजे जाएं, ताकि पात्र हितग्राहियों को बिना विलंब के मुआवजा मिल सके। बैठक में क्षतिपूर्ति आवेदनों के त्वरित निराकरण, मुआवजा निर्धारण तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि योजना का उद्देश्य सड़क दुर्घटना पीड़ितों और उनके परिवारों को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।
<
