भास्कर न्यूज|कवर्धा जनगणना 2027 की तैयारियों के बीच कबीरधाम जिले में प्रशासन ने बड़ी सख्ती दिखाई है। प्रशिक्षण को हल्के में लेने वाले 10 कर्मचारियों पर कार्रवाई करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जारी आदेश के अनुसार कवर्धा तहसील के सुदर्शन चंद्रवंशी, मनीषा ठाकुर, मंजू चंद्रवंशी, नीलम तिवारी, अमित साहू, पदमा ठाकुर और सुधा यादव को नोटिस दिया गया है। वहीं सहसपुर लोहारा तहसील के बुधसिंह मेरावी, दानेश्वरी उइके और दुर्गेश नंदन साहू भी कार्रवाई की जद में आए हैं। इन सभी कर्मचारियों पर आरोप है कि उन्होंने निर्धारित समय में प्रशिक्षण में उपस्थिति दर्ज नहीं कराई और इसके लिए कोई वैध कारण भी प्रस्तुत नहीं किया। संबंधित तहसीलदारों और चार्ज अधिकारियों ने इसे कर्तव्य के प्रति उदासीनता मानते हुए नोटिस जारी किया है। गौरतलब है कि जनगणना को लेकर गंभीरता बरतने के निर्देश हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह मामला केवल अनुशासनहीनता नहीं, बल्कि जनगणना अधिनियम 1948 के प्रावधानों का उल्लंघन भी है। इस अधिनियम के तहत जनगणना कार्य में बाधा या लापरवाही को दंडनीय अपराध माना गया है। नोटिस में सभी कर्मचारियों को 2 दिन के भीतर संतोषजनक जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। समय सीमा में जवाब नहीं मिलने या जवाब असंतोषजनक पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई के लिए प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेजेंगे।
<
